ईरान में बिगड़ते हालात के लिए अमेरिका-इस्राइल जिम्मेदार: मौलाना शहाबुद्दीन
जागेश्वर न्यूज नेटवर्क
बरेली। ऑल इंडिया मुस्लिम जमात के राष्ट्रीय अध्यक्ष मौलाना मुफ्ती शहाबुद्दीन रजवी बरेलवी ने गुरुवार को ईरान की मौजूदा स्थिति पर गंभीर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि ईरान की सूरत-ए-हाल लगातार बिगड़ती जा रही है और वहां हिंसक प्रदर्शन हो रहे हैं। इन हिंसक घटनाओं के पीछे अमेरिका और इस्राइल का हाथ बताया जा रहा है।
मौलाना शहाबुद्दीन रजवी ने कहा कि भारत और यहां के मुसलमान पूरी दुनिया में अमन, सुकून और शांति के लिए दुआ करते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि अमेरिका की दादागिरी और तानाशाही का अंत होना चाहिए। उनका कहना था कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में धरना-प्रदर्शन करना गलत नहीं है और अपने अधिकारों के लिए आवाज उठाना हर व्यक्ति का हक है, लेकिन विरोध के नाम पर हिंसा फैलाना, लोगों की जान को खतरे में डालना, तोड़फोड़ करना और सार्वजनिक व निजी संपत्ति को नुकसान पहुंचाना किसी भी सूरत में जायज नहीं ठहराया जा सकता।
मौलाना रजवी ने आरोप लगाया कि अमेरिका कई वर्षों से ईरान की आर्थिक स्थिति को कमजोर करने की साजिश कर रहा है। अमेरिका द्वारा लगाए गए तरह-तरह के प्रतिबंधों के कारण ईरान के अंदर हालात कमजोर हुए हैं। उन्होंने कहा कि अमेरिका ईरान पर अपना कब्जा जमाना चाहता है और वहां के सर्वोच्च नेता मौलाना खामेनेई की हुकूमत को खत्म कर पूर्व शासक रजा शाह पहलवी के बेटे को सत्ता में लाने की कोशिश कर रहा है।
उन्होंने यह भी कहा कि पूर्व शासक रजा शाह पहलवी के बेटे अमेरिका के इशारों पर चलने वाले हैं और वहीं रहते हैं, इसलिए ईरान में उनकी सत्ता में वापसी बेहद मुश्किल है। मौलाना शहाबुद्दीन रजवी बरेलवी ने एक बार फिर दुनिया भर में शांति और स्थिरता की अपील की।

एक टिप्पणी भेजें