ठंड का सितम बरकरार, बरेली में दो दिन कोहरे का ऑरेंज अलर्ट, आगे बारिश की संभावना
जागेश्वर न्यूज नेटवर्क
बरेली। कड़ाके की ठंड का दौर बरेली में लगातार जारी है। तीन दिन तक रिकॉर्ड तोड़ ठंड पड़ने के बाद बुधवार को लोगों को थोड़ी राहत जरूर मिली, लेकिन यह राहत ज्यादा देर टिक नहीं सकी। गुरुवार को एक बार फिर मौसम ने करवट बदली और सुबह से दोपहर करीब एक बजे तक घना कोहरा छाया रहा। इसके बाद हल्की धूप निकली, लेकिन शीतलहर चलने से ठंड से राहत नहीं मिल सकी। लोग दिनभर ठिठुरते नजर आए। बुधवार रात न्यूनतम तापमान में 1.8 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई और पारा 4.8 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से तीन डिग्री कम था। वहीं गुरुवार को न्यूनतम तापमान गिरकर 3.5 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया, जो सामान्य से 4.3 डिग्री सेल्सियस कम दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने 17 जनवरी तक घने कोहरे को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इसके बाद बारिश के आसार जताए गए हैं। मौसम विभाग के अनुसार मंगलवार रात बर्फीली हवाओं के चलते शहरवासी ठंड से कांपते रहे। देर रात घना कोहरा छा गया, जो बुधवार सुबह करीब दस बजे तक बना रहा। बरेली एयरपोर्ट, एयरफोर्स क्षेत्र और शहर के बाहरी इलाकों में दृश्यता शून्य तक पहुंच गई। बाद में तेज हवा चलने से ठिठुरन और बढ़ गई, हालांकि कोहरा छंटने पर दृश्यता 20 से 200 मीटर के बीच दर्ज की गई। बुधवार को अधिकतम तापमान भी सामान्य से 2.5 डिग्री कम 16.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र के विशेषज्ञ अतुल कुमार ने बताया कि मध्य प्रदेश और राजस्थान पर सक्रिय विक्षोभ के प्रभाव से हवा की दिशा में बदलाव होगा। इससे बर्फीली हवाओं का असर कुछ हद तक कम हो सकता है, लेकिन 18 जनवरी से बादल छाने लगेंगे। अनुकूल परिस्थितियां बनने पर हल्की से तेज बारिश होने की संभावना है, जिससे शीतलहर का असर और तेज होने का अनुमान है।

एक टिप्पणी भेजें