Bareilly: दबंगों ने भाजपा एमएलसी के घर में घुसकर मैनेजर से की बदसलूकी, वीडियो वायरल
जागेश्वर न्यूज नेटवर्क
बरेली। फरीदपुर कस्बे में बुधवार देर शाम एक मामूली दुकान विवाद अचानक उग्र रूप ले लिया और मामला सीधे भाजपा विधान परिषद सदस्य (एमएलसी) कुंवर महाराज सिंह के आवास तक पहुँच गया। आरोप है कि दबंगों ने एमएलसी के घर में घुसकर मैनेजर से अभद्रता की, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
जानकारी के अनुसार, मोहल्ला फर्रखपुर स्थित सब्जी मंडी में मीट विक्रेता पंचम यादव और पास की दुकान चलाने वाले गुड्डू अली के बीच कहासुनी हुई। विवाद बढ़ते-बढ़ते झगड़े में बदल गया। आरोप है कि गुड्डू अली ने अपने कई साथियों को बुला लिया। खतरे को भांपते हुए पंचम यादव लगभग आधा किलोमीटर दौड़कर एमएलसी कुंवर महाराज सिंह के आवास में गया। उस समय घर में एमएलसी की पत्नी कामिनी सिंह और उनके मैनेजर डिंपल सिंह मौजूद थे। उन्होंने स्थिति को संभालते हुए युवक को सुरक्षित बाहर निकालने का प्रयास किया।
इसी दौरान पीछा कर रहे दबंग भी एमएलसी के आवास में घुस गए। आरोप है कि उन्होंने गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी। विरोध करने पर मैनेजर के साथ बदसलूकी की गई, जिससे घर में अफरा-तफरी मच गई। घटना की सूचना मिलते ही मैनेजर ने फोन पर एमएलसी को अवगत कराया। कुंवर महाराज सिंह उस समय बरेली में पार्टी की बैठक में थे। उन्होंने तुरंत फरीदपुर इंस्पेक्टर को सूचना दी और बैठक छोड़कर आवास के लिए रवाना हुए। पुलिस के पहुंचने से पहले ही आरोपी फरार हो गए। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दोनों पक्षों के कुल पांच लोगों को हिरासत में लिया है, जिनमें पंचम यादव पक्ष के दो और गुड्डू अली पक्ष के तीन लोग शामिल हैं। फरार आरोपियों की तलाश के लिए पांच पुलिस टीमों का गठन किया गया है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों से आरोपियों की पहचान की जा रही है।
एमएलसी कुंवर महाराज सिंह ने कहा कि उनके आवास की सुरक्षा में सेंध लगना गंभीर मामला है और दोषियों को किसी भी हालत में बख्शा नहीं जाएगा। वहीं, सीओ फरीदपुर संदीप सिंह ने बताया कि मामले की जांच जारी है और आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।

एक टिप्पणी भेजें