News Breaking
Live
wb_sunny

Breaking News

77वां गणतंत्र दिवस: बरेली में धूमधाम से मना राष्ट्रीय पर्व, कैबिनेट मंत्री ने ली परेड की सलामी

77वां गणतंत्र दिवस: बरेली में धूमधाम से मना राष्ट्रीय पर्व, कैबिनेट मंत्री ने ली परेड की सलामी


बरेली। सोमवार को बरेली में 77वां गणतंत्र दिवस पूरे उत्साह और देशभक्ति के माहौल में मनाया गया। कलक्ट्रेट, पुलिस लाइन सहित सभी सरकारी कार्यालयों, शैक्षणिक संस्थानों और निजी प्रतिष्ठानों पर राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा शान से फहराया गया।


पुलिस लाइन मैदान में आयोजित मुख्य समारोह में कैबिनेट मंत्री धर्मपाल सिंह ने बतौर मुख्य अतिथि ध्वजारोहण किया और गणतंत्र दिवस परेड की सलामी ली। इसके पश्चात उपस्थित अधिकारियों, पुलिसकर्मियों और जनप्रतिनिधियों को संविधान के प्रति निष्ठा की शपथ दिलाई गई।


कार्यक्रम में बरेली सांसद छत्रपाल सिंह, महापौर उमेश गौतम, एडीजी रमित शर्मा, डीआईजी अजय कुमार सिंह, मंडलायुक्त भूपेंद्र एस. चौधरी, जिलाधिकारी अविनाश सिंह, एसएसपी अनुराग आर्य सहित वरिष्ठ प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी मौजूद रहे। परेड में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले पुलिसकर्मियों के लिए कैबिनेट मंत्री ने 51 हजार रुपये के पुरस्कार की घोषणा की।


अपने संबोधन में कैबिनेट मंत्री धर्मपाल सिंह ने कहा कि भारत की आजादी की लड़ाई सभी धर्मों और वर्गों के लोगों ने मिलकर लड़ी, जिसके परिणामस्वरूप देश स्वतंत्र हुआ। 26 जनवरी 1950 को संविधान लागू हुआ और तभी से यह दिन गणतंत्र दिवस के रूप में मनाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा 24 से 26 जनवरी तक तीन दिवसीय राष्ट्रीय पर्व मनाया जाता है। 24 जनवरी को उत्तर प्रदेश का स्थापना दिवस और 25 जनवरी को नागरिकता जागरूकता दिवस मनाया जाता है।

उन्होंने कहा कि भारत ने बीते 77 वर्षों में अनेक उपलब्धियां हासिल की हैं और वैश्विक मंच पर देश का मान बढ़ा है। भारत विश्व की पांचवीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन चुका है और विश्व गुरु बनने की दिशा में अग्रसर है। अब गण और तंत्र के बीच की दूरी कम हुई है और पूरी दुनिया भारत के साथ मजबूत संबंध बनाना चाहती है।

कैबिनेट मंत्री ने कहा कि कोरोना काल में देश ने स्वदेशी वैक्सीन बनाकर आत्मनिर्भरता का उदाहरण पेश किया। उत्तर प्रदेश में सुशासन, विकास, रोजगार, कृषि और उद्योग के क्षेत्र में तेजी से प्रगति हुई है। अपराध नियंत्रण, स्वास्थ्य, शिक्षा, स्वच्छ पेयजल, सिंचाई, पशुपालन और औद्योगिक विकास में प्रदेश ने उल्लेखनीय सफलता प्राप्त की है और यूपी ‘उत्तम प्रदेश’ की ओर बढ़ रहा है।

उन्होंने हालिया उपलब्धियों का जिक्र करते हुए कहा कि भारतीय सेना ने ऑपरेशन सिंदूर के माध्यम से आतंकवाद पर निर्णायक प्रहार किया। प्रयागराज महाकुंभ में 66 करोड़ से अधिक श्रद्धालुओं की सहभागिता और अंतरिक्ष में शुभांशु शुक्ला द्वारा तिरंगा फहराया जाना देश के गौरव के प्रतीक हैं।

पुलिस लाइन में आयोजित परेड में पुलिसकर्मियों का जोश देखते ही बनता था। वहीं स्कूली बच्चों द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने समारोह में देशभक्ति के रंग भर दिए।

Tags

Newsletter Signup

Sed ut perspiciatis unde omnis iste natus error sit voluptatem accusantium doloremque.

एक टिप्पणी भेजें