Republic Day 2026: मंडलायुक्त ने फहराया तिरंगा, संविधान के मूल्यों को अपनाने का लिया संकल्प
बरेली। गणतंत्र दिवस के अवसर पर कमिश्नरी कार्यालय पर मंडलायुक्त भूपेंद्र एस. चौधरी ने ध्वजारोहण किया। इस दौरान उन्होंने उपस्थित अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ राष्ट्रगान किया तथा संविधान के प्रति निष्ठा और संकल्प को दोहराया।
कार्यक्रम के उपरांत मंडलायुक्त ने कमिश्नरी परिसर स्थित शहीद स्मारक पर पुष्पांजलि अर्पित कर स्वतंत्रता संग्राम के अमर शहीदों को श्रद्धांजलि दी। साथ ही उन्होंने परिसर में पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया।
अपने संबोधन में मंडलायुक्त ने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को अपने कार्यक्षेत्र में पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ कार्य करना चाहिए। उन्होंने बीते वर्ष की प्रमुख घटनाओं—लोकसभा चुनाव, अंतरराष्ट्रीय हालात, ओलंपिक खेलों और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के बढ़ते प्रभाव—का उल्लेख करते हुए कहा कि समय तेजी से बदल रहा है और हमें तकनीक के साथ स्वयं को भी बदलना होगा।
उन्होंने कहा कि 77 वर्ष पूर्व देश को सुचारु रूप से चलाने के लिए संविधान लागू किया गया, जिसने समय-समय पर बदलते सामाजिक और वैश्विक परिवेश को आत्मसात किया है। संविधान की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि इसमें किसी प्रकार का भेदभाव नहीं है और सभी धर्मों व जातियों के नागरिकों को समान अधिकार प्रदान किए गए हैं।
मंडलायुक्त ने कहा कि संविधान ने हर नागरिक के अधिकारों को सुरक्षित किया है, जिनके कारण देश निरंतर प्रगति कर रहा है। हालांकि अभी भी समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े लोगों तक विकास का लाभ पहुँचाने की आवश्यकता है। उन्होंने संकल्प लेने का आह्वान किया कि प्रत्येक गरीब परिवार को सरकारी कल्याणकारी योजनाओं का लाभ और सुरक्षा सुनिश्चित की जाए।
इस अवसर पर संयुक्त आयुक्त ने गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह दिन देश के विकास के लिए नए संकल्प लेने का है। वहीं अपर आयुक्त न्यायिक प्रीति जायसवाल ने भी जिलेवासियों को गणतंत्र दिवस की बधाई दी। कार्यक्रम में कमिश्नरी कार्यालय के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

एक टिप्पणी भेजें