छत से गिरकर युवक की संदिग्ध हालात में मौत, परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप
जागेश्वर न्यूज़ नेटवर्क
बरेली। फतेहगंज पश्चिमी थाना क्षेत्र के गांव भूड़ मंडोली में रविवार देर रात एक युवक की छत से गिरकर संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतक के परिजनों ने इसे सामान्य हादसा मानने से इनकार करते हुए हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच में जुट गई है।
मृतक की पहचान 32 वर्षीय गिराज यादव के रूप में हुई है। परिजनों के मुताबिक, गिराज रात को छत पर सोने गया था, लेकिन सोमवार सुबह उसकी लाश घर के बाहर पड़ी मिली। शरीर पर कोई स्पष्ट चोट का निशान नहीं था, जिससे परिजन घटना को लेकर संदेह जता रहे हैं। मृतक की पत्नी रेखा ने बताया कि यह सिर्फ छत से गिरने का मामला नहीं है, बल्कि सुनियोजित हत्या है।
परिजनों ने पड़ोस में रहने वाली एक महिला और उसके परिजनों पर हत्या का आरोप लगाया है। बताया जा रहा है कि मृतक का उक्त महिला से पिछले कुछ समय से प्रेम प्रसंग चल रहा था, जिसको लेकर विवाद की स्थिति बनी हुई थी। कुछ समय पहले इसी महिला ने गिराज यादव के खिलाफ छेड़छाड़ की तहरीर भी दी थी, जिसकी जांच चल रही थी।
हल्का दरोगा सुरेश कुमार पटेल ने बताया कि घटना रात करीब 12 बजे की है। युवक छत से गिरा था, उसके पैर में और आंतरिक हिस्सों में चोट के निशान हैं। शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। फिलहाल कोई तहरीर नहीं मिली है, तहरीर मिलते ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।
मृतक अपने पीछे पत्नी रेखा और दो छोटे बच्चों को छोड़ गया है, जिनमें बेटी की उम्र 12 साल और बेटे की उम्र 8 साल बताई जा रही है। घटना के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है और परिजन न्याय की मांग कर रहे हैं।
एक टिप्पणी भेजें