गीतकार उपमेंद्र सक्सेना को नेपाल-भारत साहित्य सेतु सम्मान से किया सम्मानित
जागेश्वर न्यूज़ नेटवर्क
बरेली। भारत-नेपाल सांस्कृतिक संबंधों को सुदृढ़ करने और साहित्यिक सेतु को मजबूत करने की दिशा में एक और ऐतिहासिक कदम के तहत, बरेली के चर्चित गीतकार उपमेंद्र सक्सेना एडवोकेट को नेपाल–भारत साहित्य सेतु सम्मान से सम्मानित किया गया है। यह सम्मान उन्हें नेपाली साहित्य जगत की प्रतिष्ठित संस्था अखिल नेपाल लेखक संघ एवं कृष्णपुर नगर पालिका, कंचनपुर के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम में प्रदान किया गया।
यह गरिमामय आयोजन नेपाल के कंचनपुर जिले स्थित वाणी मुक्तकमैया बस्ती के सभाकक्ष में आयोजित किया गया था। कार्यक्रम का उद्देश्य भारत-नेपाल के साहित्यिक और सांस्कृतिक संबंधों को प्रोत्साहित करना एवं पर्यटन को बढ़ावा देना रहा। समारोह में बड़ी संख्या में नेपाली साहित्यकार, कलाकार एवं सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि अर्जुन सिंह साउद की उपस्थिति में उपमेंद्र सक्सेना को अंग वस्त्र, सम्मान पत्र, रुद्राक्ष की माला और स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। सम्मान प्रदान करने वालों में अखिल नेपाल लेखक संघ के केंद्रीय सदस्य पदम प्रकाश साउद एवं कार्यक्रम संयोजक देवेंद्र बहादुर पाल (सिर्जन श्री) प्रमुख रहे।
उपमेंद्र सक्सेना को यह प्रतिष्ठित सम्मान मिलने पर भारत और नेपाल के साहित्य जगत में हर्ष की लहर दौड़ गई। बरेली के साहित्यकारों, पत्रकारों और संस्कृतिकर्मियों ने उन्हें इस उपलब्धि पर हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दीं।
इस तरह के आयोजनों के माध्यम से दो देशों के बीच साहित्यिक संवाद और सांस्कृतिक एकता को नई दिशा मिलती है। उपमेंद्र सक्सेना का यह सम्मान भारत-नेपाल मैत्री और भाषा-संस्कृति के साझा मंच को और भी सशक्त करता है।
एक टिप्पणी भेजें