Bareilly: नगर निगम कार्यकारिणी में भाजपा का वर्चस्व कायम, आठवीं बार निर्विरोध निर्वाचन
बरेली। नगर निगम कार्यकारिणी के लिए आठवीं बार भी निर्विरोध निर्वाचन हुआ। भाजपा के पांच और सपा का एक सदस्य निर्वाचित हुआ। कार्यकारिणी के कुल 12 सदस्यों में अब भाजपा के 10 और सपा के दो सदस्य हैं। गहमागहमी से भरे माहौल में गुरुवार को पूर्वाह्न 11.30 बजे नगर निगम सभागार में चुनाव की प्रक्रिया शुरू हुई। कुल छह पदों के लिए छह ही नामांकन आए थे, इसलिए मतदान की नौबत नहीं आई। वार्ड 38 की पार्षद हर्ष कुमारी, वार्ड 43 की पूनम राठौर, वार्ड 72 के मुकेश सिंघल, वार्ड 23 के सतीश कातिब भाजपा से और वार्ड 73 के गुलबशर सपा की ओर से निर्वाचित हुए। इनका कार्यकाल दो साल का रहेगा। नव निर्वाचित कार्यकारिणी सदस्यों का अन्य पार्षदों ने स्वागत किया। सदस्यों ने कहा कि वे दलगत राजनीति से ऊपर उठकर जनता के मुद्दों को उठाते रहेंगे। महापौर ने कहा कि नवनिर्वाचित सदस्य अब अपने वार्ड तक सीमित न रहें बल्कि शहर के विभिन्न क्षेत्रों की समस्याएं उठाएं और नगर निगम के सदन से समाधान कराएं।
बैठक में महापौर उमेश गौतम और नगर आयुक्त संजीव कुमार मौर्य ने उप सभापति सर्वेश रस्तोगी, सदस्य गरिमा कमांडो, नीरज कुमार, सागर मौर्य, सलीम पटवारी और सौरभ कुमार को सम्मानित किया। महापौर उमेश गौतम ने कहा कि दो साल के कार्यकाल में कभी भी कार्यकारिणी की बैठक में यह पता नहीं चला कि कौन पक्ष का है कौन विपक्ष का है, क्योंकि सभी पार्षदों ने शहर के विकास के लिए मिलकर काम किया। सपा पार्षद दल के नेता गौरव सक्सेना ने कहा कि सेवानिवृत्त सदस्यों को सम्मानित कर एक अच्छी परंपरा शुरू की गई है। इसे जारी रखा जाए।
एक टिप्पणी भेजें