UPSRTC: भ्रष्टाचार और लापरवाही के आरोप में सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक अजय कुमार सिंह निलंबित
लखनऊ/बरेली। उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम ने बरेली क्षेत्र के बदायूं डिपो में तैनात सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक अजय कुमार सिंह को गंभीर अनियमितताओं के चलते तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। निगम के प्रबंध निदेशक मासूम अली सरवर द्वारा जारी निलंबन आदेश में कहा गया है कि अजय कुमार सिंह की कार्यप्रणाली में लगातार लापरवाही, उदासीनता और भ्रष्टाचार के संकेत मिलने के बावजूद उन्होंने सुधार के कोई प्रयास नहीं किए।
निलंबन आदेश के अनुसार, अजय कुमार सिंह पर यह आरोप है कि वे अपने कर्तव्यों के प्रति घोर लापरवाह रहे। सोशल मीडिया, समाचार पत्रों और अन्य माध्यमों से भ्रष्टाचार की शिकायतें सामने आने के बाद भी उन्होंने किसी प्रकार की जांच या नियंत्रण की पहल नहीं की। इसके अतिरिक्त, डिपो संचालन में गिरावट, वित्तीय नुकसान, अधीनस्थों पर नियंत्रण की कमी और मुख्यालय के आदेशों की अनदेखी जैसे गंभीर आरोप भी लगाए गए हैं।
निगम की छवि को नुकसान पहुँचाने और अनुशासनहीनता के चलते निगम ने अनुशासनात्मक कार्रवाई करते हुए अजय कुमार सिंह को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। निलंबन अवधि में उन्हें जीवन निर्वाह भत्ता मिलेगा, जो नियमानुसार अर्द्ध वेतन के बराबर होगा। साथ ही उन्हें यह प्रमाण पत्र देना होगा कि वे किसी अन्य सेवायोजन, व्यापार या व्यवसाय में संलग्न नहीं हैं।
निलंबन के दौरान अजय कुमार सिंह को मुख्य प्रधान प्रबंधक (प्राविधिक), परिवहन निगम मुख्यालय, लखनऊ से संबद्ध कर दिया गया है।
यह कार्रवाई परिवहन निगम में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने की दिशा में एक अहम कदम मानी जा रही है।
उत्तर प्रदेश राज्य परिवहन निगम में फैले भ्रष्टाचार के मामले अभी कई और अधिकारियों पर कार्यवाही होना तय मानी जा रही है।
एक टिप्पणी भेजें