शातिर स्मैक तस्कर गिरफ्तार, ₹3.10 लाख की ड्रग्स, बलेनो कार व नगदी बरामद
बरेली। थाना बारादरी पुलिस ने नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए एक शातिर तस्कर को गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से 31 ग्राम स्मैक, एक बिना नंबर प्लेट की बलेनो कार और ₹19,000 की नगदी बरामद की गई है। अंतर्राष्ट्रीय बाजार में बरामद स्मैक की कीमत करीब ₹3.10 लाख आंकी गई है।
जानकारी के अनुसार, 22 अप्रैल 2025 को बारादरी पुलिस टीम ने 99 बीघा क्षेत्र के पास चेकिंग अभियान के दौरान एक संदिग्ध बलेनो कार को रोका। तलाशी लेने पर कार से 31 ग्राम अवैध स्मैक व ₹19,000 नकद बरामद हुए। मौके से आरोपी आरिफ खान पुत्र अब्दुल रज़ा खान, निवासी ग्राम धनतिया, थाना फतेहगंज पश्चिमी, बरेली (उम्र लगभग 35 वर्ष) को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस के अनुसार, आरिफ लंबे समय से स्मैक तस्करी के धंधे में लिप्त है और पहले भी कई मामलों में जेल जा चुका है। उसके खिलाफ थाना इज्जतनगर में वर्ष 2020 में धोखाधड़ी, जालसाजी और आईटी एक्ट के तहत भी केस दर्ज है।
बरामद सामग्री:
31 ग्राम स्मैक (अनुमानित कीमत ₹3,10,000)
एक बलेनो कार (बिना नंबर प्लेट, रंग ग्रे)
₹19,000 नकद
पुलिस पूछताछ में हुआ खुलासा:
गिरफ्तार तस्कर आरिफ ने बताया कि वह स्मैक किच्छा, उत्तराखंड से खरीदकर बरेली में खुद की कार से घूम-घूमकर सप्लाई करता था। आरोपी ने कबूला कि यह काम वह पहले भी कई बार कर चुका है और कार होने की वजह से शक नहीं होता था। फिलहाल पुलिस किच्छा से स्मैक की सप्लाई करने वाले तस्करों के बारे में जानकारी जुटा रही है।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ NDPS एक्ट की धारा 8/21/60 के तहत केस दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया है, जहां से उसे रिमांड पर भेजा गया।
एक टिप्पणी भेजें