महिला सशक्तिकरण दिवस पर इज्जतनगर मंडल में शानदार आयोजन
बरेली। पूर्वोत्तर रेलवे इज्जतनगर मंडल में अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर महिला सशक्तिकरण दिवस धूमधाम से मनाया गया। रेलवे अधिकारी क्लब, रोड नं. 2 में आयोजित इस विशेष समारोह में महिलाओं की भागीदारी और उपलब्धियों का उत्सव मनाया गया।
महिला शक्ति को किया गया सम्मानित
समारोह का शुभारंभ मंडल रेल प्रबंधक सुश्री वीणा सिन्हा ने दीप प्रज्वलन के साथ किया। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि आज की महिलाएं हर क्षेत्र में अपनी उपस्थिति दर्ज करा रही हैं। रेलवे में भी वे लोको पायलट, ट्रैक मेंटेनर, स्टेशन मास्टर, नियंत्रक, टिकट जांच, रेलवे सुरक्षा बल और प्रशासनिक पदों पर कर्तव्यों का कुशलतापूर्वक निर्वहन कर रही हैं। उन्होंने कहा कि महिलाएं पुरुषों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर रेलवे को संरक्षित, सुरक्षित और समयबद्ध सेवा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।
स्वास्थ्य जागरूकता और आत्मरक्षा पर विशेष सत्र
कार्यक्रम में डाॅ. विदुषी ने ब्रेस्ट एवं सर्वाइकल कैंसर जैसी घातक बीमारियों की रोकथाम और समय पर जांच के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने महिलाओं को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया।
योग गुरु डाॅ. नित्या शर्मा ने गायत्री मंत्र के साथ योग सत्र का आयोजन किया, जिसमें प्राणायाम, अनुलोम-विलोम और अन्य योगासन के फायदे बताए गए। उन्होंने कहा कि प्राणायाम से मानसिक और शारीरिक स्वास्थ्य में सुधार होता है और यह दीर्घायु का रहस्य है।
साक्षी बोहरा ने महिलाओं को ताइक्वांडो और आत्मरक्षा के गुर सिखाए, जिससे वे किसी भी संकट की स्थिति में खुद की सुरक्षा कर सकें।
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से गूंजा मंच
कार्यक्रम की एक विशेष प्रस्तुति "संतुलन, दिव्य ज्योति जागृति संस्थान" के कलाकारों द्वारा दी गई नुक्कड़ नाटक थी। इस नाटक में दिखाया गया कि कैसे समाज में लड़कियों को लड़कों की तुलना में कम अवसर मिलते हैं, जबकि सही मार्गदर्शन और अवसर मिलने पर वे भी हर क्षेत्र में उत्कृष्टता प्राप्त कर सकती हैं। इस दौरान कलाकारों ने सामूहिक नृत्य और नाटक प्रस्तुत किए, जिसने सभी दर्शकों को भावविभोर कर दिया।
महिला कर्मचारियों का जोश और संकल्प
कार्यक्रम का संचालन मंडल क्रिया सचिव श्रीमती गीता शर्मा ने किया। उन्होंने महिलाओं की दशा और दिशा पर विचार रखते हुए उनके अधिकारों के प्रति जागरूकता पर जोर दिया।इस अवसर पर उपस्थित महिला रेल कर्मचारियों ने भी अपने विचार साझा किए और महिला अधिकारों को मजबूत करने के अपने संकल्प को दोहराया।
कार्यक्रम में अपर मंडल रेल प्रबंधक श्री मनोज कुमार, मंडल के सभी शाखा अधिकारी और बड़ी संख्या में महिला रेल कर्मचारी उपस्थित रहीं।
एक टिप्पणी भेजें