Video: मतदान के बीच पीलीभीत में सपा प्रत्याशी ने पुलिस पर लगाए गंभीर आरोप
पीलीभीत। शुक्रवार को पीलीभीत जिले में सुबह सात बजे से शाम छह बजे तक मतदान होगा। लोकसभा क्षेत्र में करीब 18.31 लाख मतदाता हैं। इनमें 9.78 लाख से अधिक पुरुष और आठ लाख से अधिक महिला मतदाता हैं। सभी मतदाता 10 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला करेंगे। मतदान के लिए 1521 बूथ बनाए गए हैं। शांतिपूर्ण तरीके से मतदान संपन्न कराने के लिए सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।
वहीं, मतदान के बीच पीलीभीत लोकसभा सीट से सपा प्रत्याशी भगवत सरन गंगवार ने पुलिस प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए हैं। शहर के ड्रमंड इंटर कॉलेज पहुंचे सपा उम्मीदवार ने कहा कि पुलिस ने हमारे कार्यकर्ताओं और नेताओं को रात में उठा लिया। पुलिस ने उनसे कहा कि तुम समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता हो। पोलिंग बूथों की तरफ नहीं जाओगे। भाजपा का विरोध नहीं करोगे।
बुजुर्गों का हौसला जवान
शहर के 80 वर्षीय कृष्ण अवतार कंसल अपनी पत्नी को लेकर ड्रमंड इंटर कॉलेज बूथ पर मतदान करने पहुंचे। उनकी पत्नी चलने में असमर्थ हैं। इसीलिए वह उन्हें स्कूटी पर बैठाकर मतदान केंद्र पहुंचे। मतदान के बाद उन्होंने कहा कि सभी को देश हित में मतदान करना चाहिए।
चुनाव मैदान में हैं यह उम्मीदवार
जितिन प्रसाद - भाजपा
भगवतसरन गंगवार- सपा
अनीस अहमद खां उर्फ फूलबाबू- बसपा
राजीव कुमार सक्सेना - भारतीय कृषक दल
संजय कुमार भारती - राष्ट्रीय समाज दल(आर)
आशीष कुमार- निर्दलीय
आदर्श पांडेय - निर्दलीय
प्रमोद कुमार पटेल- निर्दलीय
सुशील कुमार शुक्ला- निर्दलीय
मो. शाहिद हुसैन - निर्दलीय


एक टिप्पणी भेजें