पीलीभीत में पीएम मोदी की चुनावी सभा, देशवासियों को दी नवरात्रि की शुभकामनाएं
पीलीभीत में पीएम मोदी की चुनावी सभा, देशवासियों को दी नवरात्रि की शुभकामनाएं
पीलीभीत। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मंगलवार को पीलीभीत में चुनावी जनसभा को संबोधित करने पहुंचे हैं। 10 साल के कार्यकाल में यह पहला मौका है, जब प्रधानमंत्री मोदी यहां पहुंचे हैं। यहां पहुंचने पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष ने बांसुरी भेंटकर प्रधानमंत्री का स्वागत किया। प्रधानमंत्री ने कहा कि हम लोग विकसित भारत के संकल्प पर काम कर रहे हैं। भारत दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ती हुई आर्थिक ताकत बना है। हमारे चंद्रयान ने चांद पर तिरंगा फहराया। भारत में आयोजित जी-20 की पूरी दुनिया में प्रशंसा हुई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारत माता की जय के साथ अपने संबोधन की शुरुआत की। उन्होंने देशवासियों को नवरात्रि और हिंदू नववर्ष की शुभकामनाएं दीं। कहा कि नवरात्रि के अवसर पर इतनी बड़ी रैली अजूबा है।
वहीं, मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि मोदी के नेतृत्व में ही समय से गन्ना मूल्य का भुगतान हो रहा है। मुख्यमंत्री ने फिर एक बार मोदी सरकार, अबकी बार 400 पार का नारा दिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि कोई सोचता था कि अयोध्या में राम मंदिर का निर्माण होगा। प्रधानमंत्री के नेतृत्व में संभव हुआ है। आज यहां सुरक्षा है तो समृद्धि भी है। आजीविका है तो आस्था का सम्मान भी हो रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि ये हमारा सौभाग्य है कि स्वतंत्र भारत एक ग्लोबल पावर बनने की ओर अग्रसर है। कहा कि गुरुनानक देव का जन्म जिस भूमि पर हुआ, उस करतार पुर कॉरिडोर का निर्माण मोदी के नेतृत्व में हुआ। मुख्यमंत्री ने कहा कि आदि गंगा गोमती के उद्गम स्थल पीलीभीत में वासंतिक नवरात्र के शुभारंभ पर प्रधानमंत्री का स्वागत है। नवरात्र की सभी को शुभकामनाएं देता हूं।
इस दौरान मंच संचालन का जिम्मा नवरात्र की शुरुआत के कारण नगर पालिका अध्यक्ष आस्था अग्रवाल को दिया गया।
एक टिप्पणी भेजें