भाजपा की पूर्व प्रदेश प्रवक्ता के ट्वीट पर बोले छत्रपाल, अफवाह फैलाने वालों पर दी कानूनी कार्रवाई की चेतावनी
बरेली। भाजपा की पूर्व प्रदेश प्रवक्ता डॉ. दीप्ति भारद्वाज के प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री समेत कई बड़े नेताओं को किए गए एक्स (ट्वीट) रविवार को पूरे दिन पार्टी में घमासान मचाते रहे। अलग-अलग एक्स (ट्वीट) कर डॉ. दीप्ति ने आरोप लगाया है कि बरेली में भाजपा प्रत्याशी छत्रपाल सिंह को अकेले अपना चुनाव प्रचार करना पड़ रहा है। सारे विधायक और संगठन के पदाधिकारी गायब हैं। उधर, लोकसभा प्रत्याशी छत्रपाल सिंह ने इसे अफवाह बताते हुए इस मामले में कानूनी कार्रवाई करने की चेतावनी दी है। भाजपा हाईकमान ने बरेली लोकसभा सीट से आठ बार सांसद रहे संतोष गंगवार का टिकट काटकर बहेड़ी के पूर्व विधायक रहे छत्रपाल सिंह गंगवार को प्रत्याशी घोषित किया है। अभी ठीक से चुनाव प्रचार शुरू भी नहीं हुआ है कि इस बीच पूर्व प्रदेश प्रवक्ता डॉ. दीप्ति भारद्वाज के एक्स (ट्वीट) ने पार्टी में घमासान मचा दिया है।
डॉ. दीप्ति भारद्वाज ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, बीजेपी 4 यूपी को किए एक्स (ट्वीट) में कहा है, इससे बुरी बात क्या होगी कि भाजपा बरेली प्रत्याशी छत्रपाल जी अकेले अपना प्रचार कर रहे हैं। सारे विधायक, संगठन पदाधिकारी नदारद हैं। इसी से हताश प्रत्याशी ने टिकट सरेंडर करने की बात तक भरी मीटिंग में कर दी। दूसरे एक्स (ट्वीट) में डॉ. दीप्ति ने कहा है कि बरेली का चुनाव इस बार संगठन नहीं जनता लड़ रही है। यही उपलब्धि है। भाजपा प्रत्याशी छत्रपाल गंगवार ने कहा कि ऐसा कुछ भी नहीं है, उन्होंने ऐसी कोई बात नहीं कही है। ऐसी अफवाह फैलाने वाले पर उन्हें कानूनी कार्रवाई का सहारा लेना पड़ सकता है।
संगठन की गुटबाजी सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय
आठ बार के सांसद संतोष गंगवार का टिकट कटने के बाद भाजपा संगठन की गुटबाजी सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बनी है। आरोप-प्रत्यारोप के ट्वीट और कमेंट्स के बीच भाजपा संगठन ही दो धड़ों में बंट गया है। पार्टी और संगठन से जुड़े कुछ लोग ही सोशल मीडिया पर पोस्ट डालकर उन पर निशाना साध रहे हैं। जब पार्टी प्रत्याशी छत्रपाल गंगवार एक पूर्व विधायक के यहां होली मिलने गए थे तो पूर्व विधायक और उनके बेटे ने छत्रपाल गंगवार के साथ होली मिलन का फोटो सोशल मीडिया पर शेयर किया। साथ ही रामायण का दोहा लिखकर यह भी बता दिया कि जो जैसा करता है वह वैसा ही भरता है।
वहीं, होली मिलन समारोह में सपा प्रत्याशी प्रवीण सिंह ऐरन और संतोष गंगवार की हाथ मिलाते हुए फोटो भी जमकर वायरल हो रही है।
उद्योग व्यापार मंडल का पत्र वायरल
भारतीय उद्योग व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष विकास अग्रवाल और महानगर अध्यक्ष अनिल अग्रवाल ने मुख्यमंत्री को एक पत्र लिखा है। जिसमें उन्होंने कहा कि 35 सालों से विनम्र स्वभाव वाले सांसद संतोष गंगवार ने इस सीट को संजोकर रखा। हम व्यापारियों की कड़ी मेहनत से यह सीट लगातार भाजपा के खाते में जाती रही लेकिन छत्रपाल गंगवार को टिकट देकर ठीक नहीं किया गया। उनका व्यवहार व्यापारियों के प्रति अच्छा नहीं है।
आरोप है कि शनिवार को जब वह साथी व्यापारी अनुज गुप्ता, डा. प्रमोद राठौर, असीम जौहरी, विपिन गुप्ता, घासीराम अग्रवाल के साथ जब उनके निवास पर उन्हें बधाई देने गए तो उन्होंने उनको गंभीरता से नहीं लिया। वहीं, दूसरी ओर छत्रपाल सिंह गंगवार ने बताया कि प्रत्याशी घोषित होने के बाद से उनके यहां बड़ी संख्या में लोग आ रहे हैं। व्यापारियों के आने की उन्हें जानकारी नहीं है। उनके यहां जो भी आता है, उसका पूरा सम्मान किया जाता है। यह आरोप निराधार हैं।

एक टिप्पणी भेजें