दो साल से उपकरणों के इंतजार में सफाई कर्मचारी, अब आंदोलन की चेतावनी
बरेली। बिथरी चैनपुर ब्लॉक के ग्रामीण सफाई कर्मचारियों का सब्र अब जवाब देने लगा है। सफाई उपकरण किट न मिलने से नाराज उत्तर प्रदेश पंचायती राज ग्रामीण सफाई कर्मचारी संघ की ब्लॉक शाखा ने सोमवार को खंड विकास अधिकारी अंजना सिरोही, ब्लॉक प्रमुख हरेंद्र पटेल (एडवोकेट) और एडीओ पंचायत शिखर गुप्ता को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में चेतावनी दी गई कि यदि 15 दिनों के भीतर सफाई उपकरण उपलब्ध नहीं कराए गए तो ब्लॉक मुख्यालय पर जोरदार आंदोलन किया जाएगा।
इस मौके पर संघ के जिला अध्यक्ष राम लाल कश्यप और ब्लॉक अध्यक्ष नन्हेंलाल वाल्मीकि के नेतृत्व में सैकड़ों कर्मचारी ब्लॉक परिसर पहुंचे और जमकर नारेबाजी की। कर्मचारियों ने दो साल से उपकरण न मिलने को शासनादेश की अवहेलना बताया।
जिला अध्यक्ष ने दी चेतावनी
राम लाल कश्यप ने कहा, "15 दिन में किट नहीं मिली, तो सफाई कर्मचारी धरना शुरू करेंगे। आंदोलन तब तक जारी रहेगा जब तक सभी कर्मचारियों को किट नहीं मिल जाती।"
दो साल से नहीं मिली सफाई किट
संघ के नेताओं का कहना है कि शासनादेश के बावजूद लगातार दो वर्षों से सफाई कर्मचारियों को झाड़ू, फावड़ा, ग्लव्स, मास्क, गाड़ी जैसे आवश्यक उपकरण नहीं दिए गए हैं, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों की सफाई व्यवस्था बुरी तरह प्रभावित हो रही है।
नेताओं ने कहा कि सरकार एक ओर स्वच्छ भारत मिशन को बढ़ावा दे रही है, दूसरी ओर जमीनी स्तर पर कर्मचारियों को साधन तक नहीं मिल पा रहे हैं।
ज्ञापन सौंपने वालों में ये प्रमुख लोग रहे शामिल:
रनवीर सिंह पटेल जिला वरिष्ठ उपाध्यक्ष,राजेंद्र सिंह कोली जिला संगठन मंत्री, भगवान दास कश्यप ब्लॉक महामंत्री,रामजीत यादव, शजकील अहमद, कमल किशोर कश्यप,तेज प्रकाश लोधी, निहाल सिंह, देवकीनंदन मौर्य
सतीश कुमार वाल्मीकि, फरीद अख्तर, मोहम्मद अकील
विमला वर्मा, कंचन भारती सहित सैकड़ों कर्मचारी
एक टिप्पणी भेजें