राष्ट्रीय मानव सेवा संस्थान ने निकाली तिरंगा यात्रा, मिशन सिंदूर की सफलता को किया सलाम
बरेली। जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में आतंकी हमले के बाद ऑपरेशन सिंदूर की सफलता को लेकर राष्ट्रीय मानव सेवा संस्थान ट्रस्ट (रजि.) भारत द्वारा देशभर में सैनिकों के सम्मान में तिरंगा यात्राएं निकाली जा रही हैं। इसी क्रम में बुधवार को शहर में देशभक्ति की मिसाल पेश करते हुए श्यामगंज चौराहे से कालीबाड़ी मंदिर तक तिरंगा यात्रा निकाली गई।
यात्रा का नेतृत्व ट्रस्ट की राष्ट्रीय अध्यक्ष बिंदु सक्सेना ने किया। उन्होंने कहा कि देश की सरहदों पर तैनात जवानों के कारण ही देशवासी सुरक्षित नींद सोते हैं। उन्होंने कहा कि जल, थल और वायु तीनों सेनाओं के जवान हर परिस्थिति में देश की सेवा में समर्पित रहते हैं। उनकी वीरता और त्याग को कभी भुलाया नहीं जा सकता।
राष्ट्रीय महामंत्री नरेंद्र पाल ने कहा कि देश की सेना हर खतरे का मुंहतोड़ जवाब देने में सक्षम है। उन्होंने कहा कि हमारे सैनिक तिरंगे को सर्वोपरि मानते हैं, और उसी की शान में यह यात्रा निकाली गई है।
तिरंगा यात्रा में राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राकेश कुमार मौर्य, मुकेश मेहंदी रत्ता, हरी बाबू खंडेलवाल, संरक्षक वीरेंद्र प्रसाद खंडेलवाल, भारतेंदु सिंह, डॉ. अखिलेश गुप्ता, जिलाध्यक्ष पूजा पाल, प्रिंस सक्सेना, भीकम सिंह समेत कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।
यात्रा का समापन कालीबाड़ी मंदिर परिसर में देशभक्ति के नारों और सैनिकों की जय-जयकार के साथ हुआ।
एक टिप्पणी भेजें