News Breaking
Live
wb_sunny

Breaking News

बाकरगंज कूड़ा खड्ड पर सपा नेता गौरव सक्सेना ने लिया समाधान का संकल्प

बाकरगंज कूड़ा खड्ड पर सपा नेता गौरव सक्सेना ने लिया समाधान का संकल्प


बरेली।
समाजवादी पार्टी के पार्षद दल के नेता और नगर निगम में नेता प्रतिपक्ष गौरव सक्सेना ने शुक्रवार को जनसंवाद और सद्भावना यात्रा के तहत सीबीगंज क्षेत्र और पुराने शहर के विभिन्न वार्डों का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने क्षेत्रवासियों से मुलाकात कर जनसमस्याएं जानी और बाकरगंज स्थित कूड़े के खड्ड की समस्या को लेकर नगर निगम पर तीखा हमला बोला।

गौरव सक्सेना ने बाकरगंज के कूड़ा खड्ड पर पहुंचकर शपथ ली कि वह इस गंभीर समस्या के समाधान के लिए हर स्तर पर संघर्ष करेंगे। उन्होंने कहा कि भाजपा शासित नगर निगम की ट्रिपल इंजन सरकार ने दो वर्ष पूर्व यहां सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट प्लांट लगाने का वादा किया था, लेकिन वह आज तक पूरा नहीं हो सका। क्षेत्र में कूड़े के पहाड़ के कारण नागरिकों का जीवन नारकीय बन गया है।

स्थानीय लोगों ने बताया कि कूड़े की गाड़ियों के कारण इलाके में आए दिन जाम लग जाता है। कुछ समय पहले एक एंबुलेंस भी जाम में फंस गई थी, जिसके चलते एक महिला को समय पर इलाज नहीं मिल सका। इसके अलावा निगम द्वारा भारी-भरकम टैक्स के बिल भेजे गए हैं, जबकि क्षेत्रवासियों को कोई सुविधा नहीं मिल रही। बारिश के दिनों में सड़कों पर कूड़ा फैलने से दलदल जैसी स्थिति बन जाती है।

सीबीगंज की लेबर कॉलोनी में वर्षों से नाले की सफाई नहीं हुई है, जबकि सारनिया में 70 मीटर नाले का निर्माण अधूरा पड़ा है। पुराने शहर के कांकर टोला, हजियापुर, एजाजनगर गोटिया जैसे इलाकों में भी सड़कों की हालत खस्ता है और जगह-जगह गड्ढे बने हुए हैं।

गौरव सक्सेना ने बताया कि वह आज सुबह 11 बजे नगर आयुक्त को ज्ञापन सौंपेंगे। यदि शीघ्र समाधान नहीं हुआ, तो क्षेत्रीय नागरिकों के साथ मिलकर आंदोलन किया जाएगा।

दौरे के दौरान एक विवाद भी सामने आया जब गौरव सक्सेना कूड़ा प्लांट का निरीक्षण करने पहुंचे। उन्होंने बताया कि गेट पर कोई गार्ड मौजूद नहीं था, और लौटते समय प्लांट मैनेजर ने गेट पर ताला लगवा दिया, जिससे वे और कुछ स्थानीय लोग अंदर फंसे रह गए। उन्होंने इस घटना को दुर्भाग्यपूर्ण और अपमानजनक बताया और नगर निगम में इसकी शिकायत दर्ज कराने की बात कही।

दौरे में उनके साथ सनी मिर्जा, अशफाक चौधरी, शाहजेब हसन, पीतांबर यादव, कुलदीप यादव, उस्मान अल्वी, बाबा मियां, मेराज अंसारी, मानसिंह यादव, लखपत सुल्तानी, अनीस मियां और संजीव कश्यप सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Tags

Newsletter Signup

Sed ut perspiciatis unde omnis iste natus error sit voluptatem accusantium doloremque.

एक टिप्पणी भेजें