मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का बरेली दौरा: विकास कार्यों की समीक्षा, कानून-व्यवस्था पर कड़े निर्देश
बरेली। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आज बरेली में मंडलीय समीक्षा बैठक कर प्रशासनिक कार्यों की गहन समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने विकास कार्यों, कानून-व्यवस्था, स्वास्थ्य सेवाओं और बुनियादी ढांचे को लेकर कई अहम फैसले लिए। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि लंबित राजस्व वादों का जल्द निस्तारण किया जाए, क्योंकि पुराने वाद कानून-व्यवस्था के लिए चुनौती बनते हैं और अनावश्यक विवादों को जन्म देते हैं।
स्वास्थ्य और बुनियादी ढांचा:
मुख्यमंत्री ने 300 बेडेड हॉस्पिटल और मानसिक चिकित्सालय को मिलाकर सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल बनाने का निर्देश दिया, जिससे क्षेत्रवासियों को उच्चस्तरीय स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकें। उन्होंने जनप्रतिनिधियों से टीबी रोगियों को गोद लेने की अपील करते हुए कहा कि उनकी देखभाल सुनिश्चित की जाए।
स्मार्ट सिटी और ट्रैफिक व्यवस्था:
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से बरेली को एक मॉडल स्मार्ट सिटी के रूप में विकसित करने के लिए कहा। उन्होंने निर्देश दिए कि ई-रिक्शा और टैक्सियों का वेरिफिकेशन कराया जाए और इंटेलिजेंट ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम के जरिए यातायात को सुदृढ़ किया जाए।
जल जीवन मिशन और कृषि क्षेत्र पर जोर:
मुख्यमंत्री ने हर घर जल योजना की प्रगति की समीक्षा की और अधिकारियों को निर्देश दिए कि योजना का लाभ हर नागरिक तक पहुंचे। उन्होंने कहा कि जल परियोजनाओं में अनावश्यक देरी करने वाले ठेकेदारों पर सख्त कार्रवाई की जाए। गेहूं खरीद प्रक्रिया को किसानों के अनुकूल बनाने के लिए मंडियों में सुविधाएं बढ़ाने के भी निर्देश दिए।
नाथ नगरी और धार्मिक स्थलों का विकास:
नाथ नगरी के विकास पर चर्चा करते हुए मुख्यमंत्री ने जानकारी ली कि चार द्वारों का निर्माण पूरा हो चुका है और मंदिरों के भीतर हो रहे कार्यों की स्थिति की समीक्षा की।
जनप्रतिनिधियों की मांग और मुख्यमंत्री के आश्वासन:
बैठक में जनप्रतिनिधियों ने सड़क निर्माण, पुलों के चौड़ीकरण, नई मंडियों के निर्माण, हवाई यात्रा सुविधा और बस अड्डों के विकास को लेकर सुझाव दिए। मुख्यमंत्री ने इन सभी मांगों पर शीघ्र कार्रवाई का आश्वासन दिया।
बैठक में पशुधन मंत्री धर्मपाल सिंह, वन मंत्री डॉ. अरुण कुमार, महापौर डॉ. उमेश गौतम, बरेली सांसद समेत कई विधायक, पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी विकास योजनाओं को तय समयसीमा में पूरा किया जाए और जनता को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं।
एक टिप्पणी भेजें