बरेली में बंदरों का कहर: छत पर सो रही 80 वर्षीय महिला पर हमला, हालत नाजुक
ग्राम अधकाटा में लंबे समय से बंदरों का आतंक, प्रशासन मौन
बरेली। थाना नवाबगंज क्षेत्र के ग्राम अधकाटा में बुधवार तड़के एक दर्दनाक घटना सामने आई, जहां बंदरों के झुंड ने छत पर सो रही एक बुजुर्ग महिला पर हमला कर दिया। 80 वर्षीय शांति देवी रोज़ की तरह घर की छत पर सो रही थीं, तभी अचानक दर्जनों बंदरों ने हमला कर दिया।
गांव में बंदरों का आतंक, प्रशासन बेपरवाह
ग्राम अधकाटा के निवासी इस समस्या से लंबे समय से जूझ रहे हैं। ग्रामीणों के मुताबिक, बीते कुछ महीनों में कई लोग बंदरों के हमले का शिकार हो चुके हैं। बच्चों और महिलाओं का घर से बाहर निकलना तक मुश्किल हो गया है।
स्थानीय लोगों ने कई बार पंचायत, ग्राम प्रधान और प्रशासन से शिकायत की, लेकिन अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। वन विभाग की ओर से भी कोई स्थायी समाधान नहीं निकला है।
ग्रामीणों की मांग - जल्द हो कार्रवाई
ग्रामीणों ने बताया कि अगर समय रहते प्रशासन ने इस पर ध्यान नहीं दिया, तो भविष्य में इससे भी बड़ी घटनाएं हो सकती हैं। गांव के लोग वन विभाग और जिला प्रशासन से बंदरों की बढ़ती संख्या पर नियंत्रण और पीड़ित परिवार को मुआवजा देने की मांग कर रहे हैं।
एक टिप्पणी भेजें