News Breaking
Live
wb_sunny

Breaking News

सिटी स्टेशन पर दुष्कर्म: राज्य महिला आयोग की सदस्य ने किया घटनास्थल का दौरा

सिटी स्टेशन पर दुष्कर्म: राज्य महिला आयोग की सदस्य ने किया घटनास्थल का दौरा


बरेली। एटा की किशोरी से दुष्कर्म के मामले ने तूल पकड़ लिया है। राज्य महिला आयोग की सदस्य पुष्पा पांडेय ने घटनास्थल सिटी रेलवे स्टेशन का मुआयना किया। वहां मौजूद पुलिस व एसओजी की टीम से भी उन्होंने घटनाक्रम और खुलासे के बारे में जानकारी ली। घटनास्थल पर मुआयने के दौरान पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने घटना को शर्मनाक बताया। कहा कि घटनास्थल पर खून की बूंदें पड़ी हैं। अगर स्टेशन आउटर पर अंधेरा नहीं होता तो यह दरिंदगी की घटना न होती। सिटी स्टेशन पर कैमरे भी नहीं लगे हैं। उन्होंने बताया कि महिला कल्याण निधि से किशोरी की मदद की जाएगी और मुख्यमंत्री के समक्ष भी इस पर चर्चा करेंगे। उन्होंने आरोपी की शीघ्र गिरफ्तारी करने और उसे अधिकतम सजा दिलाने की बात कही। राज्य महिला आयोग की सदस्य पुष्पा पांडेय ने निजी मेडिकल कॉलेज में भर्ती किशोरी से मुलाकात की। अस्पताल के चिकित्सक और स्टाफ को बेहतर इलाज के निर्देश दिए। पीड़िता के पिता से बातचीत की। स्कूल में प्रवेश कराने समेत सरकार द्वारा उचित मदद मुहैया कराने का आश्वासन दिया।

पुष्पा पांडेय ने बताया कि आरपीएफ के मनोज पांडेय ने उन्हें जानकारी दी कि वह घटना वाली रात जब वह टहल रहे थे तो यह किशोरी दो लड़कों के साथ आती हुई दिखी। बात करने पर जानकारी हुई कि किशोरी ने उन लड़कों से मदद मांगी थी। 

लड़कों ने किशोरी की मदद की और उसे आउटर से स्टेशन तक लेकर आए। हालांकि लड़कों को घटना के बारे में नहीं पता था। लड़कों ने सोचा कि किशोरी रास्ता भटक गई है। वह उसे छोड़कर चले गए। इसके बाद मनोज किशोरी को आरपीएफ थाने ले आए। यह दोनों लड़के कौन थे, पुलिस इसका भी पता लगाने की कोशिश कर रही है।

बता दें कि तीसरे दिन भी आरोपी की पहचान नहीं हो सकी। किशोरी से बातचीत में पता लगा था कि आरोपी करीब 50 साल का है। उसके कुछ बाल सफेद थे। वह लाल रंग की शर्ट पहने था। जीआरपी व पुलिस की आठ टीम लगातार सीसीटीवी कैमरे चेक कर रही हैं। स्थानीय संदिग्धों से लेकर ट्रेनों में घूमने वाले नशेड़ियों की भी धरपकड़ की जा रही है। एसपी सिटी मानुष पारीक ने बताया कि जीआरपी के सहयोग में पुलिस व एसओजी लगाई है, अभी सफलता नहीं मिली है।

Tags

Newsletter Signup

Sed ut perspiciatis unde omnis iste natus error sit voluptatem accusantium doloremque.

एक टिप्पणी भेजें