तेज रफ्तार बनी काल, बारातियों की बोलेरो डिवाइडर से टकराई – एक की मौत, पांच घायल
बरेली। शादी की खुशी मातम में बदल गई जब भोजीपुरा थाना क्षेत्र के जादोपुर में देर रात बारातियों से भरी बोलेरो बेकाबू होकर डिवाइडर से टकरा गई। इस दर्दनाक हादसे में 28 वर्षीय युवक की मौत हो गई, जबकि पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना सोमवार रात करीब एक बजे की है। भोजीपुरा के पीपलसाना चौधरी गांव से बारात बहेड़ी के भूड़ा गांव गई थी। बारात समाप्त होने के बाद बोलेरो में सवार आठ लोग वापस लौट रहे थे। जादोपुर के पास तेज रफ्तार में दौड़ रही गाड़ी अचानक अनियंत्रित हो गई और डिवाइडर से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि गाड़ी के परखच्चे उड़ गए।
चीख-पुकार से गूंजा इलाका
दुर्घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। हादसे में पीपलसाना निवासी शिव कुमार (28) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पांच अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घायलों को अस्पताल भिजवाया और मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
रफ्तार बनी हादसे की वजह
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, बोलेरो की रफ्तार काफी तेज थी, जिससे चालक नियंत्रण खो बैठा और गाड़ी डिवाइडर से जा भिड़ी। पुलिस मामले की जांच कर रही है और घायलों के बयान दर्ज कर रही है।

एक टिप्पणी भेजें