सम्राट अशोक महान की जयंती पर सार्वजनिक अवकाश घोषित करने की मांग
बरेली।ऑल इंडिया सैनी सेवा समाज (रजि.) एवं मौर्य विकास संस्था (रजि.) के पदाधिकारियों ने सम्राट अशोक महान की जयंती (5 अप्रैल 2025 – चैत्र शुक्ल अशोका अष्टमी) को राष्ट्रीय स्तर पर मनाने और इस दिन सार्वजनिक अवकाश घोषित करने की मांग की है। इस संबंध में प्रदेश उपाध्यक्ष रमेश मौर्य के नेतृत्व में एक मांग पत्र सांसद माननीय नीरज मौर्य (लोकसभा क्षेत्र - 24, आंवला, बरेली) को सौंपा गया।
मांग पत्र में बताया गया कि सम्राट अशोक महान भारतीय इतिहास की महान विभूति थे, जिन्होंने जनकल्याणकारी नीतियों को प्राथमिकता दी। उनके शासनकाल को भारतीय इतिहास का स्वर्ण युग माना जाता है। उन्होंने ग्रांड-ट्रंक रोड का निर्माण करवाया, यात्रियों की सुविधा के लिए धर्मशालाएँ, कुएँ, औषधालय एवं पशु चिकित्सालय बनवाए, जो आज भी प्रेरणास्रोत हैं।
रमेश मौर्य ने बताया कि वर्तमान सरकार की कई योजनाएँ सम्राट अशोक महान की नीतियों से प्रेरित हैं, लेकिन दुर्भाग्यवश आज तक उनकी जयंती को राष्ट्रीय स्तर पर मान्यता नहीं दी गई। इसलिए समाज ने सांसद के माध्यम से भारत सरकार से सम्राट अशोक महान की जयंती पर राष्ट्रीय अवकाश घोषित करने एवं इसे राजकीय स्तर पर भव्य रूप से मनाने की मांग की है।उन्होंने यह भी कहा कि मौर्य, शाक्य, सैनी, कुशवाहा समेत विभिन्न समाजों के लोग इस मांग को लेकर संगठित हैं और जल्द ही एक बड़ा अभियान भी चलाया जाएगा।
समाज का आह्वान: संघर्ष जारी रहेगा
प्रदेश उपाध्यक्ष रमेश मौर्य ने कहा कि यदि सरकार इस मांग को नहीं मानती है, तो समाज बड़े स्तर पर आंदोलन करने से पीछे नहीं हटेगा। सभी संगठनों ने एकजुट होकर "संगठित रहो, संघर्ष करो" का नारा दिया और सरकार से जल्द से जल्द इस मांग पर निर्णय लेने की अपील की।
एक टिप्पणी भेजें