बहेड़ी में सिपाही पर जानलेवा हमला, हालत नाजुक, हिस्ट्रीशीटर समेत चार पर केस दर्ज
बरेली। थाना बहेड़ी क्षेत्र में एक पुलिसकर्मी पर जानलेवा हमले का सनसनीखेज मामला सामने आया है। उत्तर प्रदेश पीएसी में तैनात आरक्षी मनोज कुमार पर धारदार हथियारों से हमला किया गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने मामले में हिस्ट्रीशीटर बनवारी लाल समेत चार आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मनोज कुमार (आरक्षी, पीएसी ) को 20 फरवरी 2025 को एक सप्ताह की छुट्टी मिली थी। वह अपने गांव मुडिया नबी बख्श, थाना बहेड़ी में अपने माता-पिता और बच्चों से मिलने आया था। आरोप है कि बनवारी लाल पुत्र भूपराम, रामऔतार पुत्र भूपराम, अर्जुन पुत्र रामऔतार और राजेश पुत्र बनवारी लाल ने पुरानी रंजिश के चलते उस पर जानलेवा हमला कर दिया। घटना उस समय हुई जब मनोज कुमार अपने घर के बाहर मौजूद था। आरोपियों ने धारदार हथियारों से अचानक उस पर हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उपचार लिए उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है जहां उसका उपचार चल रहा है।
हिस्ट्रीशीटर अपराधी है मुख्य आरोपी
जानकारी के अनुसार, मुख्य आरोपी बनवारी लाल एक हिस्ट्रीशीटर अपराधी है, जिससे पूरा मोहल्ला भय में रहता है। घटना के बाद मोहल्ले में दहशत का माहौल है, और पीड़ित परिवार ने आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है।
घायल पुलिसकर्मी की हालत गंभीर, अस्पताल में भर्ती
हमले के बाद लोगों ने घायल मनोज कुमार को अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। चिकित्सकों के अनुसार, उसे गहरी चोटें आई हैं,
पुलिस ने केस दर्ज कर शुरू की जांच
घटना के बाद सिपाही के भाई उपवन कुमार ने थाना बहेड़ी में तहरीर दी, जिसके आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है, और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
एक टिप्पणी भेजें