Bareilly News: इस होमगार्ड का ट्रैफिक कंट्रोल करने का अनोखा अंदाज सोशल मीडिया पर छाया
बरेली। शहर में एक होमगार्ड का ट्रैफिक कंट्रोल करने का अंदाज सोशल मीडिया पर छाया हुआ है। होमगार्ड के कई वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहे हैं, जिसमें होमगार्ड को ड्यूटी के दौरान अनोखे अंदाज में ट्रैफिक कंट्रोल करते देखा जा सकता है। लोग उनका तरीका देखकर हैरान हो जाते हैं। ड्यूटी के प्रति उनकी गंभीरता देखकर तरीफ भी करते हैं।
सुभाषनगर निवासी दुर्गेश वशिष्ठ होमगार्ड हैं। उनके पिता भी होमगार्ड थे। साल 2018 में उनका निधन हो गया। इसके बाद साल 2020 में दुर्गेश को होमगार्ड विभाग में नौकरी मिली। दुर्गेश ने कुछ ही वर्षों में अपने अनोखे अंदाज से होमगार्ड में अलग पहचान बना ली। चौराहों पर यातायात व्यवस्था संभालने में उनकी ड्यूटी लग रही है।
दुर्गेश जिस अंदाज से अपनी ड्यूटी करते हैं, उसे देखकर लोग उनकी तारीफ कर रहे हैं। जिस चौराहे पर उनकी ड्यूटी लगती है, वहां वह पूरी शिद्दत से निर्वहन करते हैं। चौराहे पर जाम न लगे, इसके लिए वह कभी सीटी बजाते तो कभी दौड़कर हाथ से इशारा कर वाहनों को निकलवाते। उनका यह अंदाज लोगों को खूब भा रहा है। लोगों ने होमगार्ड दुर्गेश के वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर साझा किए हैं। लिखा है कि अगर यातायात पुलिस और होमगार्ड इसी तरह अपनी ड्यूटी निभाएं तो शायद किसी चौराहे पर जाम नहीं लगेगा। होमगार्ड दुर्गेश का कहना है कि वह अपनी ड्यूटी पूरी ईमानदारी से निभाते हैं ताकि लोगों को किसी तरह की परेशान न हो सके।
एक टिप्पणी भेजें