Election results: पीलीभीत में भाजपा के जितिन 1.63 लाख मतों से जीते, सपा के भगवत सरन को हराया
पीलीभीत। मेनका और वरुण गांधी के गढ़ कहने जाने वाले पीलीभीत में भाजपा का कब्जा बरकरार रहा। भाजपा प्रत्याशी जितिन प्रसाद ने 1.63 लाख मतों से जीत दर्ज की। इसके साथ ही भाजपाइयों में जश्न का माहौल हो गया। इससे पहले बड़ी बढ़त बनाने के बाद जितिन प्रसाद ने मंडी स्थल स्थित मंदिर पहुंचे और भगवान के आगे मत्था टेका। उधर, सपा के भगवत सरन गंगवार मतगणना स्थल छोड़कर चले गए। मंडी स्थल में मंगलवार सुबह आठ बजे से शुरू हुई। सबसे पहले पोस्टल बैलेट की गिनती हुई। इसके बाद ईवीएम की गिनती शुरू हुई। शुरुआत से ही भाजपा ने बढ़त बना ली थी, जो लगातार बरकरार रही। बता दें कि पीलीभीत संसदीय क्षेत्र में पांच विधानसभा क्षेत्र पीलीभीत, बरखेड़ा, बीसलपुर, पूरनपुर और बहेड़ी शामिल हैं। इसमें बहेड़ी की मतगणना बरेली में और शेष विधानसभा क्षेत्रों की मतगणना पीलीभीत के मंडी स्थल में हुई। पीलीभीत सीट पर भारतीय जनता पार्टी के जितिन प्रसाद को 588287 व समाजवादी पार्टी के भगवत सरन गंगवार को 424409 मत मिले। बसपा प्रत्याशी अनीश अहमद खां तीसरे नंबर पर हैं। इन्हें 87057 मत मिले हैं।
भाजपा में जश्न का माहौल
पीलीभीत के मलीला ग्राउंड में दोपहर एक बजे ही भाजपा कार्यकर्ता जीत का जश्न मनाने लगे थे। इस दौरान भाजपाई ढोल पर नाचते हुए नजर आए। जय श्री राम के नारे लगाते हुए भाजपा कार्यकर्ता पूरे जोश में दिखाई दिए।
विधानसभा क्षेत्रवार मतदान की स्थिति
विधानसभा वोट पड़े - प्रतिशत
पीलीभीत - 236539 - 61.70
बरखेड़ा - 220011 - 67.41
पूरनपुर - 247016 - 65.16
बीसलपुर - 211768 - 58.96
बहेड़ी - 240578 - 64.10
एक टिप्पणी भेजें