Bareilly News: कड़ी सुरक्षा के बीच मतगणना शुरू, पोस्टल बैलेट की गिनती जारी
बरेली। लोकतंत्र के चुनावी महापर्व में जीत का सेहरा किसके सिर बंधेगा, इसका फैसला आज हो जाएगा। बरेली और आंवला लोकसभा सीटों पर सुबह आठ बजे से मतों की गिनती शुरू हो गई है। सभी सीटों पर भाजपा और सपा के बीच कड़ा मुकाबला माना जा रहा है।
बरेली के जिला निर्वाचन कार्यालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार परसाखेड़ा स्थित वेयर हाउस में बरेली की पांच, आंवला की तीन और पीलीभीत की बहेड़ी विधानसभा की मतगणना के लिए नौ हॉल निर्धारित हैं। पोस्टल बैलेट और ईडीसी (इलेक्शन ड्यूटी सर्टिफिकेट) मतों की गणना के लिए दो अतिरिक्त हॉल निर्धारित हैं। प्रत्येक हॉल में 14 टेबल लगाई गई हैं। यानी, एक साथ 14 टेबल पर 14 ईवीएम के वोट गिने जाएंगे। बरेली लोकसभा चुनाव की मतगणना में मंगलवार को दोपहर 12 बजे तक जनमत का रुझान स्पष्ट हो जाएगा। वहीं, दोपहर दो बजे तक परिणाम आने की संभावना है। पहले बरेली सीट का परिणाम आएगा। इसके आधे घंटे बाद आंवला का परिणाम जारी होगा।
एक टिप्पणी भेजें