गर्रा नदी में डूबने से दो सगे भाइयों समेत तीन बच्चों की मौत
शाहजहांपुर। सेहरामऊ क्षेत्र में गर्रा नदी में नहाने के लिए उतरे पांच बालकों में तीन की डूबने से मौत हो गई। ग्रामीणों ने दो घंटे की मशक्कत के बाद कांट थाना क्षेत्र के गांव ताहरपुर निवासी सगे भाई शिवम कुमार (10), आरेंद्र (11) व उनके चचेरे भाई शेषपाल (10) के शवों को नदी से बाहर निकाला। शनिवार की सुबह करीब दस बजे राजेश कठेरिया का पुत्र शेषपाल, उसका भाई पेशकार व विजय और उनके चाचा राकेश कुमार के पुत्र शिवम व आरेंद्र सेहरामऊ दक्षिणी थाना क्षेत्र के गांव परसनिया के पास गर्रा नदी में नहाने गए थे। पांचों कपड़े उतारने के बाद नदी में उतर गए। नहाते समय वे गहराई वाले स्थान पर चले गए। अचानक पैर फिसलने से शिवम, आरेंद्र डूबने लगे। शेषपाल उन्हें बचाने गया, इस बीच वह भी डूब गया। उन्हें डूबता देखकर पेशकार शोर मचाते हुए गांव की ओर दौड़ पड़ा। कुछ देर में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। गांव वालों ने बालकों की तलाश शुरू की। करीब दो घंटे के प्रयास के बाद तीनों के शव बरामद हो गए। सूचना पर सीओ सदर अमित चौरसिया व थाना प्रभारी मौके पर पहुंचे। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
गांव से करीब दो किलोमीटर दूरी पर बह रही गर्रा नदी में एक-दूसरे को बचाने के फेर में तीन बालकों की नदी में डूबने से मौत हो गई। नहाते समय पहले शिवम व आरेंद्र गहरे पानी में गए। उसका हाथ पकड़कर बाहर निकालने की कोशिश में शेषपाल भी नदी में डूब गया। तीन बच्चों की सूचना पर परिवार में मातम छाया हुआ है। मजदूरी करने वाले राजेश और राकेश सुबह काम करने के लिए निकल गए थे। उनके जाने के बाद बालक घर से खेलने जाने की बात कहकर निकल गए। गर्मी अधिक हाेने पर पांचों भाई नदी में नहाने के लिए उतर गए। पहले वे किनारे नहाते रहे, बाद में आगे बढ़ते चले गए। बताते हैं कि गहराई में कुंड वाले स्थान पर जाने पर शिवम और आरेंद्र डूबने लगे। उनके शोर मचाने पर भाई शेषपाल आगे बढ़ा। उसने उन्हें बचाने का प्रयास किया, लेकिन कामयाब नहीं हुआ। गहराई का अंदाजा नहीं होने के चलते वह भी पानी में डूब गया। शेषपाल को बचाने के फेर में पेशकार भी डूबने लगा, लेकिन उसका हाथ छूट गया। वह किसी तरह नदी से बाहर निकल आया और गांव की ओर दौड़ पड़ा।
नदी में करीब 40 से 50 लोगों ने उतरकर शवों को तलाश किया। सबसे पहले शिवम का शव मिला। उसके बाद आरेंद्र व शेषपाल के शव को तलाश किया जा सका।
सीओ सदर अमित चौरसिया ने बताया कि सेहरामऊ दक्षिणी के गांव परसनिया में तीन बच्चों के डूबने की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। शवों को नदी से निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
गांव में मातम पसरा, बिलख पड़े परिजन
हादसे की सूचना के बाद गांव में मातम छाया हुआ है। दोनों परिवारों की आंखों के आंसू नहीं रुक रहे हैं। शेषपाल की मौत से मां गिरजा, पिता राजेश व भाई अरविंद व देवेंद्र का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। वह प्राथमिक स्कूल में पढ़ाई करता था। उसके शव को देखकर मां गिरजा बोली कि मेरी दुनिया ही बर्बाद हो गई। आरेंद्र व शिवम के परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। मां अनीता बिलख पड़ी। शिवम कक्षा पांच व आरेंद्र कक्षा चार में पढ़ता था।
एक टिप्पणी भेजें