सड़क हादसे में घायल जल निगम के ठेकेदार की इलाज के दौरान मौत
शाहजहांपुर। सेहरामऊ दक्षिणी क्षेत्र में अज्ञात वाहन की टक्कर से घायल हुए जल निगम के ठेकेदार की लखनऊ में इलाज के दौरान मौत हो गई। युवक के आकस्मिक निधन से परिजनों का रो रोकर बुरा हाल है। सेहरामऊ दक्षिणी थाना क्षेत्र के गांव बादशाहनगर निवासी राघवेंद्र सिंह उर्फ लल्लन सिंह के तीन बेटों में 23 वर्षीय अभिनव उर्फ राजा सबसे बड़ा था। वह जल निगम में ठेकेदारी का कार्य करने लगा था। अभिनव नौ मई की रात करीब 12 बजे घर लौट रहे थे। रास्ते में थाना राम चन्द्र मिशन क्षेत्र के गांव गुंवारी में मार्ग पर बने ब्रेकरों के पास राजा की बाइक को किसी वाहन से टक्कर लग गई, जिससे वह गंभीर घायल हो गए। सूचना पर पहुंचे परिजन उन्हें लखनऊ ले गए। उपचार के दौरान मंगलवार को राजा की मौत हो गई। पिता लल्लन सिंह, माता नीरू सिंह तथा छोटे भाई उपलक्ष्य सिंह व आदित्य सिंह का रो-रोकर बुरा हाल है। थाना प्रभारी रोहित सिंह ने बताया कि अज्ञात वाहन की तलाश की जा रही है।
एक टिप्पणी भेजें