अंतिम संस्कार करने आए तीन युवक गंगा में डूबे, एक शव मिला
अंतिम संस्कार करने आए तीन युवक गंगा में डूबे, एक शव मिला
अमरोहा। गजरौला के तिगरी गंगा तट पर बुजुर्ग महिला का अंतिम संस्कार करने आए तीन युवक गंगा में डूब गए। एक युवक को बचा लिया गया, जबकि दो युवक गहरे जल में समा गए। इसमें से एक का शव बरामद कर लिया गया। तीसरे की तलाश जारी है।
गजरौला के लक्ष्मी नगर मोहल्ला निवासी होरी सिंह की पत्नी चंद्रवती का गुरुवार को निधन हो गया। दोपहर बाद उनके शव को दाह संस्कार के लिए तिगरी गंगा तट पर ले जाया गया। श्मशान घाट पर अंतिम संस्कार के बाद रिश्तेदार, परिचित और संबंधी गंगा में नहाने लगे। इनमें नोएडा का पंकज, अमरोहा के किशनगढ़ मोहल्ला निवासी प्रिंस (21) और नितिन (22) शामिल थे। वह तीनों भी गंगा में नहा रहे थे। नितिन और प्रिंस, पंकज के साले हैं। नहाते समय वह गहरे जल में समा गए।
उनको बचाने के लिए साथी कूद पड़े। काफी मशक्कत के बाद पंकज को तो बचा लिया गया लेकिन नितिन व प्रिंस को नहीं बचाया जा सका। वह देखते ही देखते गहरे जल में समा गए। खबर मिलते ही गांव के गोताखोर मौके पर पहुंचे।
उन्होंने भी गंगा में छलांग लगा दी। घंटों तक प्रिंस व नितिन को जल में तलाश करते रहे। इस बीच नितिन का शव बरामद हो गया। प्रिंस की तलाश जारी है। सूचना के बाद मौके पर पुलिस पहुंची। तहसीलदार परमानंद श्रीवास्तव मौके पर पहुंचे और उन्होंने परिजनों से घटना की जानकारी ली।
एक टिप्पणी भेजें