Bareilly News: हज यात्रियों का दरगाह पर किया गया टीकाकरण
बरेली। दरगाह आला हज़रत पर आज़मीन-ए-हज को ट्रेनिंग देने और टीकाकरण करने के लिए कैंप का आयोजन किया गया। जिसमें जिले भर से बड़ी संख्या में आज़मीन-ए-हज का टीकाकरण स्वास्थ्य विभाग की ओर से जिला चिकित्सालय की टीम ने किया। इस दौरान डॉक्टर प्रशांत रंजन के नेतृत्व और डॉक्टर मोहम्मद फिरोज की निगरानी में स्वास्थ्य विभाग के शाहिद हुसैन, कोमल राठौर, सिमरन,अंशिका ने सहयोग किया। मीडिया प्रभारी नासिर कुरैशी ने बताया कि मुक़द्दस हज का सफर अगले माह शुरू जो जाएगा। बरेली समेत देश भर के लाखों आज़मीन हज फ्लाइट का शिड्यूल जारी होते ही सऊदी अरब रवाना होगें। हज यात्रियों की सहूलियत के लिए शनिवार से दरगाह पर दरगाह प्रमुख मौलाना सुब्हान रज़ा खान (सुब्हानी मियां) की सरपरस्ती व सज्जादानशीन मुफ़्ती अहसन रज़ा क़ादरी (अहसन मियां) की सदारत में दरगाह स्थित मदरसा मंज़र-ए-इस्लाम में कैंप का आगाज़ सुबह 10 बजे तिलावत-ए-क़ुरान से हुआ।
इसके बाद मुफ़्ती अय्यूब खान नूरी ने हज के अरकान बताए। जिसमें हज के दौरान अदा की जाने वाली रस्में, काबे शरीफ का तवाफ़,अहराम बांधने का तरीका, शैतान को कंकड़ी मारने के अलावा सफा और मरवा, मिना और अराफात के मैदान में अदा की जाने वाली रस्में व इबादत का तरीका बताया। मुफ़्ती सलीम नूरी बरेलवी ने कहा कि हज जिंदगी में एक मर्तबा फर्ज़ है। जिन पर फर्ज़ है उनमें कुछ लोग उमरा कर रहे हैं। उनको चाहिए वो पहले हज अदा करें। हज ट्रेनर सुहैल खान साबरी ने हज सफर में ले जाने वाले सामान में क्या ले जाना है और क्या नहीं ले जाना है विस्तार से बताया। हज में बरती जानी वाली सावधानियों के बारे में भी बताया गया। हाजी जावेद खान, अनवारुल सादात, सुहैल आफताब, जुबैर रज़ा खान, मंजूर रज़ा खान आदि का सहयोग रहा।
शिविर में मीरगंज से दो साल की बच्ची सिदरा जो वालिद मोहम्मद साजिद व मां जीनत के साथ और आठ साल की अतिया नूरी जो अपने वालिद मुफ्ती सलीम नूरी बरेलवी व मां रिजवाना नूरी के साथ हज करने जा रही है। उनका भी टीकाकरण भी किया गया।

एक टिप्पणी भेजें