Bareilly News: भाजपा लोकसभा प्रत्याशी और उनके भतीजे को लुटेरे बताने वाले सपा विधायक के खिलाफ मुकदमा दर्ज
बरेली। नेहरू युवा केंद्र पर पूर्व मंत्री और बरेली लोकसभा से भाजपा प्रत्याशी छत्रपाल गंगवार और उनके भतीजे को लुटेरा बताने वाले सपा के बहेड़ी विधायक अताउर रहमान पर वीडियो वायरल होने के बाद कोतवाली पुलिस ने एसएसपी के निर्देश पर मानहानि करने, धर्म को लेकर भड़काऊ भाषण देते समेत आचार संहिता में माहौल खराब करने के आरोप में गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। देवरनिया थाना क्षेत्र के रहपुरा गनीमत निवासी जितेन्द्र कुमार ने बताया कि वह भाजपा कार्यकर्ता हैं। उनकी लोकसभा क्षेत्र में छत्रपाल गंगवार को भाजपा प्रत्याशी बनाया गया है। 16 अप्रैल को समाजवादी पार्टी प्रत्याशी प्रवीन सिंह ऐरन का नामांकन हुआ था। इस दौरान नेहरू युवा केन्द्र पर हुई सभा में अताउर रहमान ने सार्वजनिक रूप से भाजपा प्रत्याशी छत्रपाल गंगवार और उनके भजीजे को लुटेरा बता दिया। यह तक कह डाला कि भाजपा नेताओं की अक्ल पर पत्थर पड़ गये हैं, जो लुटेरों को टिकट दे दिया है। कब्रिस्तान और श्मशान की जमीनों पर कब्जा करने का भी जिक्र किया गया। सभा में कहा कि ये लोग फोन कर व्यापारियों से पैसे मांगेंगे, इन लुटेरों को बरेली से भगा देंगे। हिन्दू मुस्लिम धर्म को लेकर टिप्पणी कर माहौल खराब करने का प्रयास किया। इस पूरे मामले का वीडियों वायरल हो गया। इसमें अताउर रहमान के बोलने पर वहां उपस्थित समाजवादी पार्टी के नेता व कार्यकर्ता तालिया बजाते नजर आ रहे है। एसएसपी से इस मामले की शिकायत की गई। उनके निर्देश पर कोतवाली पुलिस ने शनिवार को मुकदमा दर्ज किया है।

एक टिप्पणी भेजें