Bareilly News: 29 को भाजपा प्रत्याशी के समर्थन में सीएम धामी करेंगे जनसभा
बरेली। उत्तराखंड के सीएम पुष्कर सिंह धामी बरेली लोकसभा चुनावों को धार देने के लिए जल्द ही बरेली आ रहे हैं। वह 29 अप्रैल को लखनऊ में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के समर्थन में रोड शो के बाद उसी शाम बरेली में भाजपा प्रत्याशी छत्रपाल सिंह गंगवार के पक्ष में जनसभा करेंगे। उनका मिनट टू मिनट कार्यक्रम जारी हो गया है।
तय कार्यक्रम के मुताबिक वह 29 अप्रैल को लखनऊ में भाजपा प्रत्याशी राजनाथ सिंह के नामांकन और उनके पक्ष में आयोजित रोड शो में हिस्सा लेंगे। इसके बाद ही शाम करीब 6:30 बजे हैलीकॉप्टर से बरेली एयरपोर्ट पहुंचेंगे। 15 मिनट बाद ही कूर्मांचल नगर के शिव मंदिर पार्क में आयोजित जनसभा में प्रतिभाग करेंगे। उत्तराखंड के सीएम पुष्कर सिंह धामी कूर्मांचल नगर में करीब डेढ़ घंटे तक मौजूद रहेंगे। माना जा रहा है कि वह जनसभा में नाथ नगरी बरेली और उत्तराखंड के रिश्तों को साधेंगे। वह भाजपा प्रत्याशी छत्रपाल सिंह गंगवार का बरेली में रह रहे उत्तराखंड वालों से मेल-मिलाप के समीकरण बनाएंगे। बता दें, कूर्मांचल नगर में बड़ी संख्या में मूल रूप से उत्तराखंड निवासी रह रहे हैं। इसके बाद पुष्कर सिंह धामी रात करीब 8:30 बजे बरेली एयरपोर्ट से नई दिल्ली को रवाना हो जाएंगे।

एक टिप्पणी भेजें