News Breaking
Live
wb_sunny

Breaking News

बरेली-आंवला सीट के लिए भाजपा, सपा-बसपा उम्मीदवारों समेत 42 लोगों ने लिए नामांकन पत्र

बरेली-आंवला सीट के लिए भाजपा, सपा-बसपा उम्मीदवारों समेत 42 लोगों ने लिए नामांकन पत्र

 बरेली-आंवला सीट के लिए भाजपा, सपा-बसपा उम्मीदवारों समेत 42 लोगों ने लिए नामांकन पत्र

बरेली। बरेली और आंवला लोकसभा क्षेत्र के लिए तीसरे चरण की नामांकन प्रक्रिया शुक्रवार से शुरू हो गई। छावनी में तब्दील कलक्ट्रेट परिसर में पार्टी समर्थित उम्मीदवारों समेत 42 लोगों ने नामांकन पत्र लिए। पहले दिन किसी ने भी नामांकन पत्र जमा नहीं किया। चुनाव आयोग के निर्देशानुसार सुबह 11 बजे बरेली और आंवला लोकसभा क्षेत्र के नामांकन कक्षों के बाहर अधिसूचना जारी की गई। इसके बाद नामांकन पर्चा लेने के लिए राष्ट्रीय, प्रादेशिक और क्षेत्रीय दलों के उम्मीदवारों के प्रतिनिधि पहुंचते रहे। कलक्ट्रेट परिसर में त्रिस्तरीय सुरक्षा घेरे के बीच से गुजरकर लोग नामांकन कक्ष तक पहुंचे। बैरियर से वाहन गुजरने पर प्रतिबंध से नोकझोंक की स्थिति रही। मुख्य प्रदेश द्वार से आम लोगों का प्रवेश बंद रहा। तहसील रोड स्थित कलक्ट्रेट के छोटे गेट से ही फरियादियों और अन्य लोगों की आवाजाही की अनुमति थी। एडीएम सिटी, एडीएम न्यायिक, एसपी क्राइम समेत पुलिस-प्रशासन के अफसर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते रहे। जो लोग बैरिकेडिंग लांघकर कलक्ट्रेट परिसर में प्रवेश कर रहे थे, उन संदिग्धों की पुलिस जांच करती रही। पहचान पत्र देखने के बाद उन्हें चेतावनी देकर छोड़ा गया।


नामांकन प्रक्रिया पर आयोग की नजर


जिलाधिकारी और एडीएम (एफआर) के न्यायालय कक्ष नामांकन कक्षों में अबकी बार सीसीटीवी कैमरे भी लगाए गए हैं। जिनकी निगरानी सीधे निर्वाचन आयोग से भी की जा रही थी। चुनाव अधिकारियों के मुताबिक नामांकन कक्ष में आवेदक के अतिरिक्त चार लोगों को ही प्रवेश की अनुमति थी। समर्थकों को दो सौ मीटर पहले बने बैरिकेडिंग के बाहर ही रोक दिया गया था। कक्ष में मोबाइल से फोटो खींचना प्रतिबंधित रहा।



उम्मीदवारों के प्रतिनिधियों ने लिए पर्चे


नामांकन प्रक्रिया के दौरान बरेली सीट से भाजपा प्रत्याशी छत्रपाल सिंह गंगवार, सपा प्रत्याशी प्रवीण सिंह ऐरन ने चार-चार सेट नामांकन पर्चे लिए। सपा उम्मीदवार की पत्नी पूर्व मेयर सुप्रिया ऐरन ने भी निर्दलीय दो सेट पर्चा लिया। पर्चा लेने इनके प्रतिनिधि पहुंचे थे। बहुजन समाज पार्टी के छोटेलाल गंगवार ने चार सेट नामांकन पत्र लिया। वहीं, आंवला सीट से भाजपा प्रत्याशी धर्मेंद्र कश्यप, सपा प्रत्याशी नीरज मौर्य के प्रतिनिधि ने चार-चार सेट नामांकन पत्र लिए। बहुजन समाज पार्टी के आबिद अली ने अभी नामांकन पर्चा नहीं लिया है।



इन्होंने भी खरीदे पर्चे


बरेली सीट से वंचित समाज इंसाफ पार्टी के लईक अहमद ने चार सेट, स्वतंत्रराज जनता राज पार्टी से ब्रहमानंद गांधी ने चार, निर्दलीय नितिन मोहन ने तीन, भारतीय गरीब शक्ति दल से संजीव ने दो, अखिल भारतीय राज आर्य सभा से नंदराम ने एक, भारत जोड़ो पार्टी से नाजिम अल्वी ने दो, ऑल इंडिया मुस्लिम मजलिस पार्टी से मुख्तार अहमद ने एक, वंचित समाज पार्टी से रईस खान ने एक, पीस पार्टी इरशाद अली अंसारी एडवोकेट ने दो, आजाद पार्टी के रमेश चंद्र ने एक, जनसेवा सहायक पार्टी के मिश्रीलाल ने दो, राष्ट्रीय समाज पार्टी नदीम इकबाल ने दो, अपना दल के अनुज कुमार गंगवार ने एक, जनशक्ति एकता पार्टी के रोहताश कुमार ने एक, निर्दल संतोष कुमार ने एक, निर्दल प्रतेश कुमार सिंह दो, भारतीय ईमानदार पार्टी के मोहम्मद हसन अंसारी ने एक, सेट लिए हैं। निर्दल ज्ञानेंद्र कुमार शर्मा ने दो सेट, राजेश कुमार ने  ने एक सेट, बुद्धप्रिय ने दो सेट, महेंद्रपाल ने एक सेट नामांकन पत्र लिया।

आंवला सीट से बहुजन क्रांति पार्टी के छोटेलाल ने दो सेट, अखिल भारतीय राज आर्य सभा के मुनेश सिंह ने एक, आजाद संगठन की सुनीता ने दो, भारत जोड़ो पार्टी के अमीर खां ने दो, युवा जनक्रांति पार्टी के बलवान सिंह ने एक, सम्राट मिहिर भोज समाज पार्टी के जगपाल यादव ने दो, बहुजन मुक्ति पार्टी के मक्खन लाल ने एक, भारतीय चेतना पार्टी के निर्मोद कुमार सिंह ने एक, निर्दल धनपत सिंह ने एक, विवेक कुमार ने एक, एडवोकेट पवन कुमार समेत अन्य ने एक सेट नामांकन पर्चा लिया है।

Tags

Newsletter Signup

Sed ut perspiciatis unde omnis iste natus error sit voluptatem accusantium doloremque.

एक टिप्पणी भेजें