महिला का अपहरण कर रेप की कोशिश: पति और भाजपा नेता सहित चार के खिलाफ एफआईआर
बरेली। फरीदपुर थाना क्षेत्र में एक महिला के अपहरण और उसके साथ दुष्कर्म के प्रयास का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पीड़िता ने इस वारदात का आरोप अपने पति और भारतीय जनता युवा मोर्चा के मंडल अध्यक्ष प्रदीप यादव समेत चार लोगों पर लगाया है। पीड़िता की तहरीर पर गुरुवार देर रात गंभीर धाराओं में एफआईआर दर्ज की गई है।
पीड़िता ने पुलिस को बताया कि उसकी शादी फरीदपुर के ग्राम केरवा निवासी अरविंद यादव से हुई थी, लेकिन घरेलू कलह और दहेज उत्पीड़न को लेकर वह पिछले कुछ समय से अपने मायके में रह रही है। इज्जतनगर थाने में उसने पहले ही पति और ससुराल पक्ष के खिलाफ दहेज उत्पीड़न का मुकदमा दर्ज करा रखा है।
1 जून की सुबह वह अपनी स्कूटी की सर्विस कराने के लिए इज्जतनगर से निकली थी। फरीदपुर क्षेत्र के मंदिर रोड पर पहुंचते ही पति अरविंद यादव भाजपा नेता प्रदीप यादव और दो अज्ञात लोगों के साथ कार में वहां आ धमके और उसे जबरन गाड़ी में खींचकर बैठा लिया।
पांच घंटे तक बंधक बनाकर किया उत्पीड़न
महिला का आरोप है कि आरोपियों ने उसे करीब पांच घंटे तक कार में बंधक बनाए रखा और दुष्कर्म की कोशिश की। विरोध करने पर धमकाया गया और केस वापस लेने का दबाव बनाया गया। महिला ने यह भी बताया कि भाजपा नेता प्रदीप यादव ने खुलेआम धमकियां दीं और पुलिस से कुछ न होने की बात कहकर उसे डराया।
ऑडियो वायरल होने के बाद हरकत में आई पुलिस
महिला के अनुसार जब वह थाने पहुंची तो पुलिस ने शुरुआत में रिपोर्ट दर्ज करने से इनकार कर दिया। लेकिन मामला तब पलटा जब प्रदीप यादव का धमकी भरा ऑडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। इसके बाद एसएसपी अनुराग आर्य ने संज्ञान लेते हुए फरीदपुर पुलिस को तत्काल मुकदमा दर्ज करने के निर्देश दिए।
इन धाराओं में मुकदमा दर्ज
पुलिस ने अरविंद यादव (पति), भाजपा युवा मोर्चा मंडल अध्यक्ष प्रदीप यादव और दो अज्ञात साथियों के खिलाफ अपहरण, बलात्कार का प्रयास, बंधक बनाना, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी जैसी गंभीर धाराओं में एफआईआर दर्ज कर ली है।
पहले भी विवादों में रहा है भाजपा नेता प्रदीप यादव
प्रदीप यादव कोई नया नाम नहीं है। वर्ष 2022 में भी उस पर एक गरीब की झोपड़ी पर बुलडोजर चलवाने का गंभीर आरोप लगा था। तब भी पुलिस ने उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था। ग्रामीणों का आरोप है कि प्रदीप राजनीतिक रसूख के बल पर गरीबों और कमजोरों को डराता-धमकाता रहा है।
जांच जारी, कार्रवाई की मांग तेज
घटना के बाद महिला और उसके परिजनों ने दोषियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की है। वहीं मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने जांच तेज कर दी है। फिलहाल चारों आरोपी फरार बताए जा रहे हैं।
एक टिप्पणी भेजें