सेपकटकरा में उत्कृष्ट प्रदर्शन पर महिला सिपाही सम्मानित
बरेली। बरेली पुलिस की महिला सिपाही रितिका शर्मा को खेल के क्षेत्र में शानदार उपलब्धियों के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक द्वारा सम्मानित किया गया। उत्तर प्रदेश पुलिस सेपकटकरा टीम की एकमात्र राष्ट्रीय पदक विजेता खिलाड़ी रितिका शर्मा ने राष्ट्रीय स्तर पर कई प्रतियोगिताओं में भाग लेकर न केवल बरेली जनपद, बल्कि पूरे उत्तर प्रदेश पुलिस का नाम रोशन किया है।
वर्ष 2023-24 में रितिका शर्मा ने नागपुर (महाराष्ट्र) में आयोजित 72वीं अखिल भारतीय पुलिस वॉलीबॉल क्लस्टर प्रतियोगिता में कांस्य पदक प्राप्त किया। इसके बाद वर्ष 2024-25 में वारंगल (तेलंगाना) में आयोजित 34वीं सीनियर राष्ट्रीय सेपकटकरा चैंपियनशिप में भी उन्होंने कांस्य पदक हासिल कर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। यही नहीं, वर्ष 2024-25 में करनाल (हरियाणा) में हुई 73वीं अखिल भारतीय पुलिस वॉलीबॉल क्लस्टर प्रतियोगिता में भी उन्होंने कांस्य पदक जीतकर हैट्रिक पूरी की।
इन उपलब्धियों के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने रितिका शर्मा को सम्मानित करते हुए उन्हें उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं। एसएसपी ने कहा कि रितिका जैसी प्रतिभाएं पुलिस विभाग के भीतर छिपी संभावनाओं का प्रतीक हैं और वे आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत हैं।
जनपद पुलिस को गर्व है कि उसकी महिला सिपाही ने राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर संगठन और क्षेत्र दोनों का मान बढ़ाया है।
एक टिप्पणी भेजें