दिल्ली से लौटे युवक ने गांव में की आत्महत्या, बहन-पत्नी के जेवर छुड़ाने के बाद उठाया खौफनाक कदम
कटका भरत में पेड़ से लटकता मिला शव, रहस्यमयी स्थान पर दो साल में हो चुकीं तीन आत्महत्याएं
बरेली। भमोरा थाना क्षेत्र के कटका भरत गांव में एक 27 वर्षीय युवक द्वारा आत्महत्या किए जाने से हड़कंप मच गया। दिल्ली में मजदूरी करने वाला मनोज कुमार सात दिन पहले ही गांव लौटा था। बुधवार को लापता हुआ मनोज गुरुवार सुबह गांव के बाहर एक शीशम के पेड़ से लटका मिला। खास बात यह है कि यह वही स्थान है, जहां बीते दो वर्षों में दो और आत्महत्याएं हो चुकी हैं।
परिजनों के अनुसार, मनोज दिल्ली से लौटने के बाद बल्लिया के एक सर्राफ से अपनी बहन और पत्नी के जेवर 95 हजार रुपये देकर छुड़ाकर लाया था। घटना के वक्त उसकी पत्नी ममता अपने मायके गई हुई थी और बेटा भी वहीं था। बुधवार शाम वह बाइक लेकर घर से निकला था लेकिन देर रात तक नहीं लौटा। कॉल भी बंद मिला तो परिवार ने पुलिस को सूचना दी।
गांव के बाहर पेड़ से लटका मिला शव
गुरुवार सुबह गांव के बाहर पुराने कुएं के पास स्थित शीशम के पेड़ पर मनोज का शव लटका मिला। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है।
परिजन बोले- नहीं थी कोई पारिवारिक कलह
मनोज के पिता केवलराम ने बताया कि बेटे ने आत्महत्या जैसा बड़ा कदम क्यों उठाया, इसकी उन्हें कोई जानकारी नहीं है। मनोज ने हाल के दिनों में किसी भी प्रकार की परेशानी का जिक्र नहीं किया था। न ही घर में कोई कलह थी।
जिस स्थान पर मनोज का शव मिला, वह गांव के बाहर स्थित कुएं के पास का इलाका है। ग्रामीणों के अनुसार, यहां पहले भी दो लोग आत्महत्या कर चुके हैं। ऐसे में लोग अब इस स्थान को रहस्यमयी और भयावह मानने लगे हैं।
पुलिस जांच में जुटी, परिजनों से भी की पूछताछ
भमोरा पुलिस आत्महत्या के कारणों की जांच में जुटी है। परिजनों से पूछताछ की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल परिजनों की ओर से कोई तहरीर नहीं दी गई है।
.jpg)
एक टिप्पणी भेजें