Bareilly News: महिलाओं की हत्या करने वाला सीरियल किलर गिरफ्तार, पत्नी के छोड़कर जाने के बाद महिलाओं से करता था नफरत
बरेली। शाही और शीशगढ़ इलाके में महिलाओं की हत्या करने वाले सीरियल किलर को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के मुताबिक आरोपी का नाम कुलदीप गंगवार है। वह नवाबगंज थाना क्षेत्र के गांव बाकरगंज समुआ का निवासी है। उसकी मानसिक स्थिति सही नहीं है। कुलदीप की हरकतों की वजह से पत्नी उसे छोड़कर चली गई थी। इसके बाद उसने महिलाओं की हत्या करना शुरू कर दिया। उसने सालभर के भीतर 11 महिलाओं की हत्या कर डाली। जानकारी के मुताबिक दस साल पहले कुलदीप की शादी भानपुर गांव निवासी लौंगश्री से हुई थी। उसकी हरकतों से परेशान लौंगश्री ने दूसरी शादी कर ली। बताते हैं कि तभी से वह महिलाओं से नफरत करने लगा। उसकी बुआ का घर शाही क्षेत्र के सब्जीपुर खाता गांव में है। यहां वह आता जाता था। पुलिस के मुताबिक कुलदीप ने ही महिलाओं से नफरत की वजह से उनकी सिलसिलेवार तरीके से हत्या की है। काफी जांच पड़ताल के बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तारी के बाद पुलिस की कई टीमों ने उसे घटनास्थलों पर ले जाकर घटना का रीक्रिएशन किया है। इसके बाद उसे बरेली लाया गया।
बता दें कि मीरगंज सर्किल के शाही और शीशगढ़ थाना क्षेत्र में सभी 11 महिलाओं की हत्या एक ही तरीके से उनकी साड़ी या दुपट्टे से गला घोंटकर की गई थी। ये मामले पुलिस के लिए सिरदर्द बने हुए थे। गांव लखीमपुर की महमूदन, कुल्छा की धानवती, सेवा ज्वालापुर की वीरावती, खजुरिया निवासी कुसुमा देवी, शाही के मुबारकपुर की शांति देवी, आनंदपुर की प्रेमवती, मीरगंज थाना क्षेत्र के गांव गूला की रेशमा व शाही के खरसैनी की दुलारी देवी की पांच महीने में जान चली गई थी। इसके अलावा तीन अन्य महिलाओं का कत्ल हुआ था।
एक टिप्पणी भेजें