Video: होटल रेडिशन में शराब के नशे में भिड़े दो पक्ष, व्यापारी नेता के बेटे को होटल की छत से फेंका
बरेली। पीलीभीत रोड स्थित पांच सितारा होटल रेडिशन में सगाई समारोह के दौरान कपड़ा व्यापारी और उसके बेटे ने नशे की हालत में व्यापारी नेता के बेटे को छत से फेंक दिया। जिसे गंभीर हालत में राममूर्ति मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। पीड़ित के पिता ने मामले की शिकायत पुलिस से की है।
प्रेमनगर के राजेंद्र नगर निवासी व्यापारी नेता संजय अग्रवाल व्यापारी सुरक्षा फोरम के वरिष्ठ उपाध्यक्ष हैं। उनका बेटा सार्थक अग्रवाल परिवार के साथ शनिवार रात होटल रेडिशन में सगाई समारोह में शामिल होने गया था। सार्थक के साथ उसके दोस्त तुषार मित्तल और नंदीकर सक्सेना भी थे। समारोह के दौरान जनकपुरी निवासी कपड़ा व्यापारी सतीश अरोड़ा और उसका बेटा रिदिम अरोड़ा नशे की हालत में सार्थक से भिड़ गए। सार्थक के विरोध करने पर दोनों ने उसकी पिटाई कर दी और होटल की छत से धक्का देकर 25 फिट नीचे बेसमेंट में फेंक दिया। सार्थक को गंभीर चोटें आई हैं। उसका मेडिकल कॉलेज में इलाज चल रहा है। उसके पिता संजय अग्रवाल ने आरोपियों के खिलाफ इज्जतनगर थाने में रिपोर्ट कराई है। घटना का वीडियो भी वायरल हो रहा है। इसमें आरोपी नशे की हालत में माफी मांगता दिख रहा है, फिर वह होटल से खिसक गया।
घटना सीसीटीवी में कैद
होटल रेडिसन में मारपीट और छत से फेंकने की घटना सीसीटीवी फुटेज में कैद हो गई। इसका वीडियो भी वायरल हो गया है। वीडियो में दिख रहा है कि 21 अप्रैल रात करीब 2:39 पर दोनों पक्षों में कहासुनी हुई और 2:40 पर सार्थक को छत से नीचे फेंक दिया।
दवा व्यापारी की तहरीर पर हत्या की कोशिश, मारपीट समेत अन्य धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर ली है। दोनों आरोपियों की तलाश की जा रही है।
-जयशंकर सिंह, थाना प्रभारी इज्जतनगर
होटल में पार्टी चल रही थी। पार्टी में आए दो पक्षों में विवाद हुआ था। होटल के कर्मचारी का किसी से कोई विवाद नहीं हुआ था। होटल स्टाफ ने घायल की मदद की। इससे होटल का कोई लेना देना नहीं है।
-मेहताब सिद्दीकी, एमडी होटल रेडिसन
रिपोर्ट: शुभम ठाकुर

एक टिप्पणी भेजें