नाटक मंचन की आड़ में बच्चों से कराई दूसरे धर्म की प्रार्थना, चेतावनी देकर छोड़ा
नाटक मंचन की आड़ में बच्चों से कराई दूसरे धर्म की प्रार्थना, चेतावनी देकर छोड़ा
बरेली। नवाबगंज कस्बे के एक निजी स्कूल में नाटक मंचन की आड़ में बच्चों से दूसरे धर्म की प्रार्थना कराने का आरोप लगाकर हिंदूवादी संगठनों ने तहरीर देकर पुलिस से शिकायत की है। पुलिस ने आक्रोशित कार्यकर्ताओं को मामले की जांच कराने का आश्वासन देकर शांत कराया। विश्व हिंदू परिषद के टोली प्रमुख उदित शर्मा ने बताया कि तीन दिन पहले विद्यालय में कार्यक्रम का आयोजन हुआ था। यहां एक नाटक का मंचन कराया गया। इस दौरान बच्चों से दूसरे समुदाय की प्रार्थना कराई गई। बच्चों ने घर आकर इसकी जानकारी परिजनों को दी। उदित शर्मा ने आरोप लगाया कि छोटे-छोटे बच्चों को एक साजिश के तहत उनके धर्म से विमुख करके धर्मांतरण का कुचक्र रचा जा रहा है।
इसके पीछे गहरी साजिश है। पुलिस इस मामले की जांच कराए। जो भी दोषी हैं, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई हो। ऐसा न होने पर संगठन धरना-प्रदर्शन के लिए बाध्य होगा।
वहीं दूसरी ओर शाही क्षेत्र के स्कूल में बच्चों से समुदाय विशेष की प्रार्थना कराने के मामले में पुलिस ने स्कूल प्रबंधन को चेतावनी दी है। वहीं, परिजन मामले में कार्रवाई की मांग पर अड़े हुए हैं।
परिजनों का आरोप है कि इस तरह शिक्षण संस्थानों में बच्चों से अलग धर्म की प्रार्थना कराने से उनके ऊपर गलत असर पड़ता है। प्रबंधन से जुड़े लोगों ने जानबूझकर ऐसा किया। ऐसे में इन लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाए। फतेहगंज पश्चिमी के इंस्पेक्टर ने बताया कि मामले का संज्ञान लेते हुए गुरुवार को कानूनी नोटिस स्कूल प्रबंधन को जारी किया गया था। प्रबंधन से जुड़े लोगों को चेतावनी दी गई है कि भविष्य में इस तरह के कार्यक्रम आयोजित न किए जाएं। अगर ऐसा करना भी है तो परिजनों से सहमति जरूर ले ली जाए। उन्होंने बताया कि रिपोर्ट उच्च अधिकारियों को भी दी गई है। मामले में विद्यालय प्रबंधन का कहना है कि हर त्योहर पर इस तरह के आयोजन किए जाते हैं। सभी धर्म के बच्चे इनमें शामिल होते हैं। धर्मांतरण की साजिश रचने का आरोप गलत है।

एक टिप्पणी भेजें