संतोष गंगवार के समर्थन में पोस्टर वायरल, लिखा- 'संतोष गंगवार के अपमान के समर्थन में अबकी बार- चुनाव बहिष्कार'
संतोष गंगवार के समर्थन में पोस्टर वायरल, लिखा- 'संतोष गंगवार के अपमान के समर्थन में अबकी बार- चुनाव बहिष्कार'
बरेली। आठ बार के सांसद संतोष गंगवार का टिकट कटने के बाद बरेली में अंदरूनी कलह कम होने का नाम नहीं ले रही है।
संतोष गंगवार का टिकट कटने के बाद से जिले की बीजेपी में आरोप प्रत्यारोप का दौर लगातार चल रहा है। संतोष गंगवार का टिकट काटे जाने से उनके समर्थकों में भारी नाराजगी देखी जा रही है। अब उनके समर्थको ने संतोष गंगवार के समर्थन में चुनाव बहिष्कार के पोस्ट सोशल मीडिया पर डालने शुरू कर दिए है। जो जमकर वायरल हो रहे है।
आपको बता दें कि पीलीभीत के चुनावी सभा के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की निगाहें बरेली पर थीं। उन्होंने सांसद संतोष गंगवार को पूरी तवज्जो दी। दोनों की गर्मजोशी के साथ मुलाकात हुई। अन्य नेताओं के मुकाबले संतोष गंगवार को बातचीत का वक्त भी ज्यादा दिया। प्रधानमंत्री ने जनसभा में बरेली के लोगों से मुलाकात को सौभाग्य बताया। साथ ही प्रत्याशी को जिताने की अपील करते हुए टिकट कटने के बावजूद अपने वरिष्ठ नेता की अनदेखी न करने का संदेश भी दिया। उसके बाद भी उनके समर्थकों में गुस्सा कम होने का नाम नहीं ले रहा है।
सोशल मीडिया पर संतोष गंगवार के समर्थन में वायरल किया जा रहे हैं पोस्ट पर साफ लिखा है कि 'संतोष गंगवार के अपमान के समर्थन में अबकी बार- चुनाव बहिष्कार' मेयर उमेश गौतम के इस्तीफा एवं निष्कासन से कम कुछ भी मंजूर नहीं। निवेदक संतोष समर्थक रोहिलखंड क्षेत्र बरेली, पीलीभीत, शाहजहांपुर, बदायूं, रामपुर। वहीं पोस्टर पर संतोष गंगवार का फोटो भी लगा है।
बरेली में संतोष गंगवार का टिकट कटने के बाद जिस तरह से कुछ दिन से गुटबाजी सामने आ रही थी, उस पर पीलीभीत में हुई प्रधानमंत्री की चुनावी जनसभा के बाद विराम लगने की उम्मीद थी।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष के सामने भी संतोष समर्थकों ने किया था हंगामा
सोमवार को भारत सेवा ट्रस्ट पर भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी की मौजूदगी में संतोष गंगवार के समर्थकों ने जमकर हंगामा किया। उन्होंने मांग उठाई कि महापौर का इस्तीफा लें या संतोष गंगवार को टिकट दे, तब ही कुर्मी समाज भाजपा को चुनाव लड़ाएगा। प्रदेश अध्यक्ष के जाने के बाद भी वे नारेबाजी करते रहे।
संतोष गंगवार के समर्थकों का कहना है कि रविवार को बरेली लोकसभा सीट से पार्टी के प्रत्याशी छत्रपाल गंगवार के समर्थन में ब्राह्मण समाज की बैठक नगर निगम परिसर में बुलाई गई थी। आयोजक के रूप में महापौर उमेश गौतम समेत ब्राह्मण समाज से जुड़े वरिष्ठ नेताओं ने इसमें विचार रखे थे। अब एक ऑडियो क्लिप वायरल हो रही है, जिसे इस बैठक में महापौर का संबोधन बताया जा रहा है। इसी को लेकर सांसद संतोष गंगवार के समर्थक भड़के हुए हैं। सोमवार को दिन भर बैठकों का दौर चला। शाम को सांसद के कैंप कार्यालय पर उनसे मिलने पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी पहुंचे। बताते हैं कि संतोष समर्थकों की नाराजगी का पता चलने पर प्रधानमंत्री मोदी के पीलीभीत कार्यक्रम में जा रहे चौधरी इसी सिलसिले में उनसे बात करने पहुंचे थे।
कार्यकर्ताओं ने उन्हें देखा तो नारेबाजी और हंगामा शुरू कर दिया। महापौर का नाम लेकर आरोप लगाए। चौधरी ने उन्हें समझाने की कोशिश की लेकिन वह नहीं माने। थोड़ी देर रुककर चौधरी ने संतोष गंगवार से बात की और निकल गए। इस दौरान गेट तक धक्कामुक्की और खींचतान का माहौल रहा। कार्यकर्ताओं ने कुछ देर के लिए भारत सेवा ट्रस्ट का गेट भी बंद कर दिया था।
सांसद के कार्यालय के बाहर देर रात तक समर्थक नारेबाजी व हंगामा करते रहे थे।
एक टिप्पणी भेजें