Bareilly News: दूसरों के हाथों का खिलौना वन लड़ रहे चुनाव, बसपा को बताया भाजपा की बी टीम
- मेरा दोष मिले तो राजनीति से ले लूंगा सन्यास: नीरज मौर्य
बरेली। आंवला लोकसभा सीट से सपा प्रत्याशी नीरज मौर्य ने सोमवार को प्रेसवार्ता कर अपने ऊपर लगे साजिश के आरोप और दर्ज एफआईआर पर सफाई दी। उन्होंने कहा कि बसपा प्रत्याशी आबिद अली की ओर से दर्ज कराई गई रिपोर्ट से उनका कोई संबंध नहीं है। अगर इसमें कोई सच्चाई मिली तो वह राजनीति छोड़ देंगे। प्रेसवार्ता में मौजूद वीरपाल सिंह ने कहा कि बसपा पैसे लेकर टिकट बेचती है। आबिद व सत्यवीर दोनों के सिंबल पर दस्तखत किसके हैं, पहले इसकी जांच की जाए। उन्होंने कहा कि आबिद अली केवल मोहरा हैं। खेल दूसरी जगह से चल रहा है। सत्तादल के लोग बौखला गए हैं। इसलिए सपा प्रत्याशी को फंसाने के लिए साजिश रची जा रही है।
बता दें कि आंवला से बसपा प्रत्याशी आबिद अली ने सपा प्रत्याशी नीरज मौर्य और बसपा से ही टिकट होने का दावा करके नामांकन करने वाले सत्यवीर सिंह पर धोखाधड़ी व साजिश जैसी गंभीर धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कराई है। सत्यवीर पार्टी के प्रत्याशी नहीं हैं, इसकी पुष्टि एक दिन पहले बसपा प्रमुख मायावती ने की थी और उसके बाद उनका नामांकन निरस्त किया गया था। इसके बाद बसपा उम्मीदवार आबिद अली ने अपने साथ हुई साजिश में सपा प्रत्याशी नीरज मौर्य को भी शामिल बताते हुए रिपोर्ट दर्ज कराई है। सपा प्रत्याशी नीरज मौर्य ने सोमवार को प्रेसवार्ता की। उन्होंने कहा कि आंवला में जो समीकरण बन रहे हैं, उससे भाजपा घबराई हुई है। उन्होंने कहा कि हमारे खिलाफ षड्यंत्र रचा जा रहा है। कुछ लोग दूसरों के हाथों का खिलौना बनकर चुनाव लड़ रहे हैं। बसपा भाजपा की बी टीम बनकर काम कर रही है। नीरज मौर्य ने आबिद अली द्वारा लगाए गए आरोपों को बेबुनियाद बताया। साथ ही अपने ऊपर हमले की आशंका जताई है।

एक टिप्पणी भेजें