Bareilly News: नशे में धुत कार सवारों की टक्कर से स्कूटी में लगी आग, व्यापारी घायल
Bareilly News: नशे में धुत कार सवारों की टक्कर से स्कूटी में लगी आग, व्यापारी घायल
बरेली। सोमवार रात नशे में धुत युवकों ने कार से दुकान बंद कर रहे बुजुर्ग कपड़ा व्यापारी की स्कूटी को टक्कर मार दी।
हादसे में व्यापारी घायल हो गए, साथ ही उनकी स्कूटी में आग लग गई। तीन दुकानों ने भी आग पकड़ ली। सूचना पर पहुंची अग्निशमन विभाग की टीम ने समय रहते आग पर काबू पा लिया वरना बड़ा हादसा हो सकता था। आरोपी कार लेकर फरार हो गए, पुलिस उनकी तलाश कर रही है।आपको बता दें कि फाइक एन्क्लेव निवासी मोहम्मद शफी (65) की मिशन मार्केट में रेडिमेड कपड़ों की दुकान है। बेटे आशू के साथ वह रात 11 बजे दुकान बंद करके घर जाने की तैयारी कर रहे थे। आशू दुकान में ताला लगा रहे थे और शफी नीचे स्कूटी स्टार्ट करके खड़े थे। इसी दौरान चौकी चौराहे की ओर से आई तेज रफ्तार कार ने उन्हें टक्कर मार दी।
इससे शफी दूर जा गिरे और उनकी स्कूटी कार के अगले हिस्से में फंस गई। स्कूटी में आग लग गई। आग ने कार के बोनट को भी चपेट में ले लिया। शफी के बेटे आशू के मुताबिक कार में चार लड़के थे जो नशे की हालत में लग रहे थे। इनमें से दो लड़के बाहर निकलकर गिरे। फिर खुद को संभाला और ड्राइविंग सीट पर बैठे शख्स ने कार को दो-तीन बार आगे-पीछे करके स्कूटी को अलग किया। फिर चारों कार में बैठकर अय्यूब खां चौराहे की ओर निकल गए। इधर, स्कूटी में लगी आग ने शफी की दुकान व आसपास की दोनों दुकानों को चपेट में ले लिया। आसपास के व्यापारी बाहर निकल आए। तत्काल ही पुलिस व फायर स्टेशन को सूचना दी गई।हादसे में टूटकर गिरी कार की नंबर प्लेट
आग से दुकानों के शटर व काउंटर आदि जल गए और उनमें धुआं भर गया। बिजली लाइन के फॉल्ट से भी रह-रहकर आग लगती रही। घायल शफी को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। इंस्पेक्टर कोतवाली डीके शर्मा भी मौके पर पहुंच गए। कार की नंबर प्लेट मौके पर ही टूटकर गिर गई थी।
आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस
पुलिस ने पता लगाया तो कार किसी अमित कुमार अग्रवाल के नाम बताई जा रही थी। इंस्पेक्टर ने बताया कि पुलिस कार व इसमें मौजूद लोगों का पता लगाने में जुटी है। सीसीटीवी से देखा जा रहा है कि कार किस ओर गई है। उन्हें जल्दी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
एक टिप्पणी भेजें