News Breaking
Live
wb_sunny

Breaking News

Bareilly News: पर्यटन हब के रूप में विकसित होगी महाभारतकालीन लीलौर झील

Bareilly News: पर्यटन हब के रूप में विकसित होगी महाभारतकालीन लीलौर झील


बरेली। आंवला स्थित ऐतिहासिक लीलौर झील को पुनर्जीवित कर पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल शुरू हो गई। पशुधन एवं दुग्ध विकास मंत्री धर्मपाल सिंह ने झील के पुनरोद्धार कार्य का शुभारंभ हवन-पूजन के साथ किया। कार्यक्रम में झील के ऐतिहासिक, धार्मिक और सांस्कृतिक महत्व को रेखांकित करते हुए इसे यक्ष सरोवर के रूप में स्थापित करने की बात कही गई। मंत्री धर्मपाल सिंह ने कहा कि यह झील केवल जलाशय नहीं, बल्कि महाभारतकालीन धरोहर है। उन्होंने बताया कि अहिच्छत्र नगरी की यह झील वह स्थल है जहां युधिष्ठिर और यक्ष का संवाद हुआ था। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मंशा है कि प्रदेश की प्राचीन झीलों और नदियों को संरक्षित कर उन्हें पर्यटन और सांस्कृतिक धरोहर के रूप में विकसित किया जाए।

डीएम बरेली अविनाश सिंह के मार्गदर्शन में इस परियोजना को तेजी से मूर्त रूप दिया जा रहा है। बरेली में तैनाती के कुछ ही समय में डीएम अविनाश सिंह ने जनपद को आध्यात्मिक और सांस्कृतिक पर्यटन के मानचित्र पर उभारने के लिए लगातार सार्थक प्रयास किए हैं। लीलौर झील का पुनरोद्धार उन्हीं प्रयासों की एक कड़ी है। डीएम ने बताया कि बदायूं की सरसोता झील के बाद लीलौर झील क्षेत्र की दूसरी सबसे प्राचीन झील है। उनका प्रयास है कि इसे पूरी तरह पुनर्जीवित कर यहां पर्यटकों के लिए सुविधाएं विकसित की जाएं, जिससे स्थानीय लोगों को रोजगार और क्षेत्रीय अर्थव्यवस्था को गति मिल सके।

मंत्री धर्मपाल सिंह ने कहा कि झील के चारों ओर पौधारोपण और सौंदर्यीकरण का कार्य किया जायेगा। साथ ही ‘द्रौपदी थीम पार्क’की स्थापना की भी योजना है, जो पर्यटकों के आकर्षण का केंद्र बनेगा। उन्होंने यह भी कहा कि आंवला क्षेत्र शिक्षा और उद्योग के क्षेत्र में तेज़ी से उभर रहा है और यहां चीनी मिल व डेयरी उद्योग की स्थापना की दिशा में भी काम हो रहा है। इस अवसर पर सांसद छत्रपाल सिंह गंगवार, जिला पंचायत अध्यक्ष रश्मि पटेल, विधायक बिथरी चैनपुर डॉ. राघवेन्द्र शर्मा, विधायक नवाबगंज डॉ. एम.पी. आर्य, भाजपा जिलाध्यक्ष आदेश प्रताप सिंह, मुख्य विकास अधिकारी देवयानी, अपर जिलाधिकारी पूर्णिमा सिंह, एसडीएम आंवला नहने राम सहित कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे। स्थानीय नागरिकों ने भी जिलाधिकारी के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि अब बरेली वास्तव में धार्मिक, सांस्कृतिक और पर्यटन की दृष्टि से पहचान बना रहा है, जो क्षेत्र के विकास की दिशा में बड़ा कदम है।

Tags

Newsletter Signup

Sed ut perspiciatis unde omnis iste natus error sit voluptatem accusantium doloremque.

एक टिप्पणी भेजें