Bareilly News: दो बहनों की आत्महत्या के मामले में पुलिस ने भाभी को भेजा जेल, आज बरेली पहुंचेगी मुख्य आरोपी
बरेली। फतेहगंज पश्चिमी के गांव सफरी में दो सगी बहनों को कथित रूप से आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोपी आकाश कोल्हापुर से शनिवार को बरेली पहुंच जाएगा। पुलिस ने उसकी भाभी चांदनी को शुक्रवार को कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया। शुक्रवार को पुलिस ने पीड़ित परिवार के सदस्यों के भी बयान दर्ज किए। फतेहगंज पश्चिमी के गांव सफरी में सगी बहन तुलसी और कल्पना बुधवार को घर में ही फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली थी। दोनों के पिता उत्तम कुमार ने पड़ोस में रहने वाले आकाश मौर्य और उसकी भाभी चांदनी पर उन्हें आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप लगाते हुए रिपोर्ट दर्ज कराई थी। इसके बाद पुलिस ने चांदनी को गिरफ्तार कर लिया था। कोल्हापुर में काम करने वाले आकाश को भी फोन कर थाने आने को कहा था। आकाश ने पहले तो बरेली आने से साफ इन्कार कर दिया लेकिन भाभी और पिता के हिरासत में होने की बात पता लगने पर तैयार हो गया। पुलिस के मुताबिक वह जिस ट्रेन से आ रहा है, वह आठ घंटे लेट है। इस कारण वह शुक्रवार के बजाय शनिवार को बरेली पहुंचेगा।
वहीं, थाना प्रभारी धनंजय पांडे ने शुक्रवार को उन्होंने उत्तम के परिवार के सभी सदस्यों के बयान दर्ज किए। गांव के लोगों से भी लंबी पूछताछ की। शुक्रवार को उत्तम की दोनों शादीशुदा बेटियां भी मायके पहुंच गई। पुलिस ने उनके भी बयान दर्ज किए। उत्तम की पत्नी ने उनके बयान दर्ज करने का हल्काफुल्का विरोध भी किया लेकिन पुलिस के समझाने पर शांत हो गई।
पुलिस की जांच में पता चला कि घरवालों ने दोनों बहनों को फंदे से उतार लिया था लेकिन ग्रामीणों के समझाने के बाद पुलिस को सूचना देने के साथ छोटी बेटी तुलसी को दोबारा फंदे पर लटका दिया। पुलिस पहुंचने के बाद उत्तम ने शव को फिर नीचे उतारा। उस दौरान कराई गई वीडियो रिकार्डिंग को देखकर पुलिस जांच कर रही है। थाना प्रभारी धनंजय कुमार पांडे ने बताया कि चांदनी ने पूछताछ में बताया कि आकाश उसका चचेरा देवर है। उसने एक बार तुलसी से मिलवाने को कहा था जिस पर उसने उसे मिलवा दिया था। इसके बाद आकाश ने तुलसी को एक फोन दिया था। होली से एक दिन पहले तुलसी के घरवालों ने फोन पकड़ लिया तो दोनों परिवारों में लड़ाई हुई। आकाश नौकरी करने बाहर चला गया। अब वह उससे बातचीत नहीं करती। चांदनी ने बताया कि तुलसी आकाश से शादी करना चाहती थी, लेकिन घर वाले राजी नहीं थे। इसलिए वह खाना भी नहीं खा रही थी। इसी वजह से उसने आत्महत्या कर ली।
आरोपी महिला को गिरफ्तार कर पुलिस ने कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया है। मुख्य आरोपी भी शनिवार तक बरेली पहुंच जाएगा। पुलिस ने पीड़ित परिवार के बयान दर्ज किए हैं। - मुकेश मिश्रा, एसपी देहात उत्तरी
एक टिप्पणी भेजें