सत्य साईं बिल्डर के ठिकानों पर छापेमारी जारी, दो साथियों के यहां भी पहुंची टीम
बरेली। सत्य साईं बिल्डर के मालिक रमेश गंगवार के घर व कार्यालय पर आयकर विभाग की छापेमारी दूसरे दिन गुरुवार को भी जारी रही। डीडीपुरम स्थित कार्यालय व घर के अलावा नवाबगंज स्थित कोठी में भी टीम दस्तावेज खंगाल रही हैं।
वहीं, कारोबारी के साथ जुड़े प्रियदर्शनी नगर के ठेकेदार सुनील सिंह व राजेंद्र नगर के रहने वाले भानु सिंह गंगवार के घर पर भी आयकर छापेमारी कर रही है। बताया जा रहा है रमेश के साथ इन दोनों की पार्टनरशिप है।
आपको बता दें कि आयकर विभाग की टीम के छापे के बाद सत्य साईं बिल्डर्स के कारनामे सामने आ रहे हैं। सूत्रों के मुताबिक रमेश गंगवार की फर्म शहर समेत उत्तराखंड के भी कई विभागों की काली सूची में दर्ज है। बीते दिनों उत्तराखंड के मुख्य सचिव ने भी उनकी फर्म को काली सूची में डालने की संस्तुति की थी। बरेली के बिजली निगम, नगर निगम के अफसरों ने भी फर्म को बैन कर रखा है। बरेली विकास प्राधिकरण ने फर्म पर पांच लाख रुपये का जुर्माना भी लगाया था। रमेश के कई बड़े अफसरों, बिल्डरों से भी घनिष्ठता बताई जाती है। जांच के दौरान टीम कॉल डिटेल, ई-मेल, बैंकिंग ट्रांजेक्शन आदि को भी खंगाल रही है।
समाजसेवी के तौर पर बनाई पहचान
रमेश ठेकेदारी के साथ ही, समाजसेवा के कार्यों में भी काफी खर्च करते हैं। बीते आठ वर्षों में सात बार 101 से लेकर 251 निर्धन कन्याओं का सामूहिक विवाह भी आयोजित करा चुके हैं। बताया जा रहा है आयकर विभाग की टीम उनके करीबियों के यहां भी छापा मार सकती है पर इस बारे में अभी कोई पुष्टि नहीं है।
ठेकेदारी में उतरते ही बढ़ने लगा साम्राज्य
बताते हैं कि रमेश गंगवार का पैतृक कारोबार काश्तकारी है। दो भाई अभी कृषि कार्य से जुड़े हैं। रमेश ठेकेदारी में उतरा तो कुछ ही वर्षाें में काफी चल-अचल संपत्ति बना ली। बीते दिनों लोकसभा चुनाव लड़ने के लिए एक राष्ट्रीय पार्टी से टिकट मांगे जाने की चर्चाएं भी जोरों पर थीं। बीते दिनों अल्मोड़ा में निर्माण कार्य का एक बड़ा टेंडर भी हासिल किया है।

एक टिप्पणी भेजें