चौकी प्रभारी पर महिला ने लगाया जहर खिलाने का आरोप, सड़क पर हुई बेहोश
लखीमपुर खीरी। जिले में आरोपी पक्ष से रुपये लेकर नहीं देने के मामले में पीड़ित महिला बांकेगंज पुलिस चौकी के इंचार्ज पर जहर खिलाने का आरोप लगाते हुए चौकी के पास सड़क पर बेहोश हो गई। इससे पुलिस कर्मियों में खलबली मच गई। महिला को बेहोश देख पुलिस कर्मियों ने आनन-फानन में उसे सीएचसी में भर्ती कराया, जहां से डॉक्टरों ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया। मंगलवार शाम करीब छह बजे करीब बांकेगंज पुलिस चौकी के बाहर गंगापुर गांव निवासी 45 वर्षीया गोमती देवी अचानक बेहोश होकर गिर गई। यह देख पुलिस कर्मी उसे इलाज के लिए बांकेगंज सीएचसी ले गए, जहां उसकी हालत नाजुक होने पर डॉक्टरों ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया। महिला ने अस्पताल में चौकी इंचार्ज श्रीकृष्ण पाल पर जहर खिलाने का आरोप लगाते हए कहा है कि आरोपी पक्ष से 90 हजार की रकम लेने के बाद चौकी इंचार्ज ने नहीं दी है। बताया जा रहा है कि गंगापुर गांव निवासी गोमती देवी चौहान से पसियापुर गांव सागली के पति उत्तम कुमार ने अपनी मौत से पहले 90 हजार रुपये उधार लिए थे।
उधारी देने को लेकर दोनों पक्षों में आए दिन विवाद होता रहता था। मामला पुलिस चौकी पहुंचा था। जहां उत्तम कुमार पर रुपये उधार लेने का साक्ष्य न होने पर पुलिस ने दोनों के खिलाफ शांतिभंग में कार्रवाई की। इसके बाद भी मामला शांत नहीं हुआ।
इधर, मैलानी थानाध्यक्ष राजेश कुमार ने बताया कि महिला ने बांकेगंज चौकी इंचार्ज पर जहर खिलाने का जो आरोप लगाया है, वह निराधार है। जिस समय महिला बेहोश हुई, उस समय चौकी इंचार्ज थाने में मौजूद थे। दबाव बनाने के लिए वह जहर खिलाने का आरोप पुलिस पर लगा रही है।

एक टिप्पणी भेजें